लोक नृत्य और लोक कलाओं से जीवंत हुई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत
रायगढ़। जनजातीय समाज की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रायगढ़ के संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया।
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में जिले के सातों विकासखंडों से पहुंचे कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य एवं लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों से जनजातीय संस्कृति की विविधता और समृद्धि को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीरांगना रानी दुर्गावती सहित अन्य महापुरुषों के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सर्व आदिवासी समाज के सचिव डॉ. बाल किशोर भगत ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव का आयोजन समाज के लिए अत्यंत गौरव और महत्व का विषय है। हमारी संस्कृति, संस्कार, नृत्य, बोली और भाषा अत्यंत समृद्ध हैं। इन परंपराओं को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में आगे बढ़ना और उच्च शिक्षा प्राप्त कर अच्छे पदों पर पहुंचना जरूरी है, लेकिन इसके साथ अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की असली पहचान उसकी संस्कृति, संस्कार, लोकगीत और लोकनृत्य हैं। लोकनृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की समृद्धि, एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है। छत्तीसगढ़ की 42 जनजातियों में अलग-अलग विशेषताएं और कलात्मक प्रतिभाएं हैं। आवश्यकता है कि सभी जनजातियां अपनी पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन करें, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत और अधिक समृद्ध हो। उन्होंने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देने का आह्वान किया।
उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव के अंतर्गत जिले के सभी सातों विकासखंडों के कर्मा नृत्य दलों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और लयबद्ध नृत्य के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव के दौरान जनजातीय समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को सहेजने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि नई पीढ़ी भी अपनी पारंपरिक विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित होती है।
#Veer_Narayan_Singh #Folk_Art #Tribal












