देवर से हो गया इश्क तो पति ने पंचायत बैठाकर उसी को सौंप दिया
समस्तीपुर। आम तौर पर यह सुनने में आता है कि अवैध संंबंध प्रताड़ना, हत्या, आत्महत्या या कोर्ट कचहरी तक जा पहुंचता है। पर इस मामले में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। न कोई झगड़ा न लड़ाई। कोई हंगामा तक नहीं हुआ। ब्याहता का दिल अपने देवर पर आ गया तो उसके पति ने इसे सहज रूप से स्वीकार कर लिया। पंचायत बुलाकर उसने वहीं सबके सामने अपनी पत्नी छोटे भाई को सौंप दी। पंचायत में ही देवर ने भाभी की मांग भरी और उसे अपना लिया।
यह मामला बिहार के समस्तीपुर जिले का है। इसे सुनकर हर कोई हैरान है। खानपुर थाना क्षेत्र के चकौटी गांव में अजब प्रेम की गजब कहानी हुई। दो बच्चों की मां ने अपने ही देवर के साथ जीने-मरने की कसमें खा ली। समाज और खुद उसके पति ने भी स्वीकार कर लिया। हालांकि, जो मामला आपसी सहमति से सुलझता दिख रहा था, वो मारपीट तक पहुंच गया। पारिवारिक विवाद के चलते पड़ोसियों (गोतिया) ने इस विवाह का विरोध करते हुए जमकर बवाल मचाया।
राजेश कुमार की शादी 2018 में खुशबू से हुई थी, लेकिन खुशबू का मन अपने पति में नहीं लगा। बीते कुछ महीनों से उसका प्रेम-प्रसंग अपने देवर मनीष के साथ शुरू हो गया। जब ये बात सार्वजनिक हुई, तो राजेश ने हंगामा करने के बजाय बड़ा दिल दिखाया। उसने पत्नी की खुशी के लिए उसे देवर के साथ रहने की अनुमति दे दी, बस शर्त ये रखी कि दोनों बच्चे उसके पास रहेंगे।
चकौटी गांव के रसूखदार लोगों और पूर्व सरपंच की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई। पंचों ने मनीष और खुशबू के प्रेम पर मुहर लगाई। मनीष ने सबके सामने खुशबू की मांग भरी और उसे अपनी पत्नी स्वीकार किया। पंचायत के इस फैसले के बाद नवविवाहित जोड़े को सुरक्षा के लिहाज से गांव से बाहर भेज दिया गया।
शादी की रस्म पूरी होते ही गांव के कुछ पड़ोसी और गोतिया इस फैसले से भड़क गए। उन्होंने मनीष के घर पर धावा बोल दिया और लाठी-डंडों से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस मारपीट में मनीष की मां रासो देवी सहित परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
समस्तीपुर सदर अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और टांके लगाए गए हैं। वहीं, खानपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शादी के वीडियो और मारपीट मामले की जानकारी है। जैसे ही पीड़ितों की ओर से लिखित आवेदन आएगा, हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#Bizzare_Marriage #Love_Triangle












