प्रोटीन और सेहत से भरपूर है यह सुपरफूड – सोया-दाल पराठा
Rimsha Agrawal. पराठा का नाम लेते ही आंखों के आगे मोटे-तगड़े थुलथुल लोगों की तस्वीर आज जाती है। घीम में तले हुए पराठें पर ऊपर से घी खाने वाले भी बहुत मिल जाएंगे। पर इसी पराठे को प्रोटीन से भरपूर और सेहतमंद भी बनाया जा सकता है। यह एक बेहतरीन नाश्ता हो सकता है। आज हम आपको बता रहे हैं सोया-चंक और चना दाल-लौकी के मिश्रण से बने हेल्दी पराठे की विधि जो इस पाम्परिक नाश्ते को सुपरफूड में बदल देती है।
इस पराठे में सोयाबीन के साथ चने की दाल और लौकी का इस्तेमाल किया जाता है जो इसे पोषण से भरपूर और पचाने में बेहद आसान बनाता है। खड़े मसालों की पोटली इसे कबाब जैसा जायका देती है। अगर आप वजन घटाना चाहते हैं या बच्चों को बिना बताए सब्जियां खिलाना चाहते हैं, तो यह आसान और कम तेल में बनने वाली रेसिपी आपके ब्रेकफास्ट के लिए बेस्ट है।
सामग्री एवं विधि
एक कटोरी भीगे हुए सोया चंक्स, एक कटोरी कटी हुई लौकी और एक कटोरी चने की दाल लें। कुकर में सोयाबीन, लौकी और दाल के साथ कटा हुआ प्याज और लहसुन डालें। कुछ खड़े मसालों जैसे तेजपत्ता, दालचीनी, बड़ी इलायची को एक छोटी मलमल की पोटली या स्टेनर बॉक्स में बांधकर कुकर रख दें। कुकर में एक गिलास पानी डालें और मीडियम आंच पर 2 सीटी लगाएं। पानी बहुत ज्यादा न डालें, वरना मिश्रण गीला हो जाएगा। गैस बंद करने के बाद भाप को अपने आप निकलने दें। कुकर खुल जाए, तो मसालों वाली पोटली को अलग कर दें।
पके हुए मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। जब यह गुनगुना रह जाए, तो इसे मिक्सर ग्राइंडर में डालें और बिना अतिरिक्त पानी मिलाए एक गाढ़ा और चिकना पेस्ट बना लें। यह पेस्ट देखने में कबाब के मिश्रण जैसा लगेगा, जिसमें से खड़े मसालों की बेहतरीन खुशबू आएगी। यह पेस्ट इस पराठे की जान है।
अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें तैयार किया गया सोया-दाल पेस्ट मिलाएं। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया, थोड़ी लाल मिर्च, नमक और चुटकी भर गरम मसाला डालें। इसमें अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ती, पेस्ट की नमी से ही आटा गूंथ जाता है। आटे को अच्छी तरह मसलकर नरम डो तैयार करें और इसे 10 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि ग्लूटेन सेट हो जाए।
अब आटे की लोइयां बनाकर उन्हें गोल या तिकोना बेल लें। गरम तवे पर पराठा डालें और बहुत कम तेल या देसी घी का उपयोग करके दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें। क्योंकि इसमें दाल और सोयाबीन पहले से पके हुए हैं, इसलिए यह पराठा बहुत जल्दी सिक जाता है और अंदर से एकदम नरम रहता है। इसे आप दही, हरी चटनी या आम के अचार के साथ गर्मागर्म सर्व कर सकते हैं।
#Soya_Chanadal_Paratha #Healthy_Breakfast #Super_Food












