श्री शंकराचार्य महाविद्यालय में सोशल मीडिया के सदुपयोग पर अतिथि व्याख्यान
भिलाई। श्री शंकराचार्य महाविद्यालय जुनवानी भिलाई के काउंसलिंग सेल द्वारा 22 नवम्बर को सोशल मीडिया के सदुपयोग विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। श्री चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज सोशल मीडिया हमारे लिए आवश्यक हो गया है। इसके माध्यम से न केवल हम अपडेट रहते हैं बल्कि कई जानकारियां हमें लाइव देखने को मिल जाती है। यह महत्वपूर्ण विषयों पर जन संवाद का भी एक मंच है।
उन्होंने जेएनयू जैसे महत्वपूर्ण और प्रसिद्ध शिक्षा संस्थान की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील विषय पर हम तुरंत प्रतिक्रिया दे सकते हैं, किंतु इसका हमेशा समझदारी से उपयोग करना चाहिए। सही और सच्चे खबरों के लिए उपयोग करना चाहिए। भड़काऊ और गलत संदेशों का अपने विवेक का उपयोग करते हुए उसका खंडन करना चाहिए। वहीं अंतरराष्ट्रीय धावक ली कूपर का उदाहरण देते हुए कहा कि इनके संघर्ष और आत्मविष्वास को हम मीडिया के माध्यम से ही जान पाते हैं कि उनके दोनों पैर ना होते हुए भी सामान्य धावकों के साथ प्रतिस्पर्धा की और विजई रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय निदेशक एवं प्राचार्य डॉ रक्षा सिंह, अतिरिक्त निदेशक जे दुर्गा प्रसाद राव, श्री दिवाकर एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक गण एवं छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













