SHG women make cement craft from rubble

मलबे से पेवर ब्लाक और गमले बना रहीं समूह की महिलाएं

भिलाई। मन में कुछ करने का जज्बा हो तो कोई भी कबाड़ को नवाचार के तहत उपयोगी बनाया जा सकता है। ऐसे ही जज्बा से भरी जोन 4 क्षेत्र की स्व सहायता समूह की महिलाएं बिल्डिंग निर्माण एवं विध्वंस के समय निकले बेकार मलबों को उपयोग में लाकर आवश्यक उपयोगी चीजें बना रहीं हैं। इससे वे आर्थिक रूप से सक्षम होने के साथ ही शहर को कचरा मुक्त शहर बनाने में भी अपना दायित्व निभा रही हैं।
समूहों को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम भी शासन की योजनाओं के तहत हरसंभव मदद कर रहा है। महापौर नीरज पाल भी गौठानों में महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों को अपनाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने के लिए संबल दे रहे हैं। साथ ही वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जनहितकारी व आजीविका मूलक योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए समूहों को संसाधन उपलब्ध भी करा रहे हैं, ताकि समूह की महिलाएं अपनी आजीविका के साधन को अपनाकर सुदृढ़ हो सकें। आयुक्त प्रकाश सर्वें समूहों को आगे बढ़ाने समूहों को नवाचार का प्रयोग कर अलग-अलग गतिविधियां अपनाने प्रेरित कर रहे हैं। समूह की महिलाएं जोन 4 क्षेत्रांतगर्त आईटीआई मैदान के पास स्थित गोधन न्याय केंद्र में खाद आदि के अतिरिक्त बिल्डिंग मटेरियल के मलबों को उपयोग लाकर उपयोगी वस्तुएं बना रहीं हैं। जोन 4 के वार्डों सहित शहर में बिखरे पड़े मलबों को इकट्ठा कर लाया जा रहा है और गौठान में ईंटें, गमला, पेवर ब्लाक, स्टॉपर आदि बना रही हैं। समूह की भारती पखाले ने बताया कि समिति से संबद्ध समूह की महिलाएं ईंट, सीमेंट आदि मलबों को बारीक कूट-पीस कर उसमें सीमेंट आदि आवश्यक वस्तुओं का मिश्रण कर सांचे से पेवर ब्लाक, ईंट, गमले, स्टॉपर, खिड़की आदि बना रहीं हैं। समूह की महिलाएं अपने द्वारा निर्मित इन वस्तुओं को निगम को ही बेचकर एक अच्छी रकम अर्जित कर रही हैं। वहीं इनकी डिमांड अब स्थानीय बाजारों में भी होने लगी है। आसपास से भी भी यहां खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। अब तक इनकी बनाई ईटें, गमले, पेवर ब्लाक निगम क्षे़त्र के विकास कार्यों में उपयोग आ रही हैं। गौठान में चल रही इन गतिविधियों को आयुक्त समय-समय पर मॉनिटरिंग करते रहते हैं और समूह की महिलाओं के लिए आवश्यक संसाधन जुटाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आयुक्त सर्वें ने अव्यवस्थित तरीके से भवन निर्माण और विध्वंस के मलबों को उपयोग में लाकर कचरा मुक्त शहर बनाने के प्रयास के लिए समूहों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *