Janmashtami celebration at SSSSMV

स्वरूपानंद महाविद्यालय में जन्माष्टमी पर्व का आयोजन

भिलाई। स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत, जन्माष्टमी पर्व का धूमधाम से आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजिका डाॅ शमा ए बैग, विभागाध्यक्ष, माइक्रोबायोलाॅजी ने बताया कि पौराणिक ग्रंथों के अनुसार पृथ्वी को अत्याचारों के उत्पीड़न से मुक्त करने के लिए भगवान कृष्ण अवतरित हुए, अतः इस दिवस को जन्माष्टमी के रूप में मनाया जाता है।
महाविद्यालय के कार्यकारी अधिकारी डाॅ दीपक शर्मा ने इस पावन पर्व की बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि ,जब जब पृथ्वी पर अत्याचार बढ़े हैं और धर्म का पतन हुआ है, तब-तब भगवान ने पृथ्वी पर अवतार लेकर सत्य और धर्म की स्थापना की है। इसी श्रंखला में कृष्ण जन्म एक महत्वपूर्ण घटना है। इस अवसर पर हमें उनके गुणों को धारण करने का संकल्प लेना चाहिए, जिससे विश्व का कल्याण हो। उनके श्रीमुख से प्रकट हुई गीता आज भी जनमानस को कर्म का पाठ पढ़ा रही है एवं मार्गदर्शन कर रही है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डाॅ हंसा शुक्ला ने कहा कि इस दिन मानव प्रगति में एक नए युग का सूत्रपात हुआ। भगवान कृष्ण ने हमें व्यष्टि से सनातन तत्व की ओर जाने का उपदेश दिया। श्री कृष्ण ने पुत्र, भाई,पिता के साथ मित्र की जो भूमिका निभाई है वह आज भी संपूर्ण चराचर के लिए मार्गदर्शक बनी हुई है।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा आकर्षक झांकी सजाई गई एवं कृष्ण भगवान के बाल रूप को भक्ति भाव से झूला झुलाया गया। सबने उन्हें तुलसी दल एवं पुष्प अर्पित किए। भक्ति से सराबोर भजन कार्यक्रम में सभी प्राध्यापिका ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। शिक्षा विभाग के सहायक प्राध्यापक डाॅ पूनम शुक्ला, डाॅ अभिलाषा शर्मा, ने नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की भजन प्रस्तुत किया। डाॅ शमा बेग, डाॅ श्वेता गायकवाड, डाॅ रजनी मुदलियार ने अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम स्तुति प्रस्तुत की। डाॅ पूनम निकुम, डाॅ दुर्गा मिश्रा, अपूर्व शर्मा, सहायक प्राध्यापक उषा साहू नीलिमा साहू ने ‘राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला’ इस गीत से सबको भक्ति रस से सराबोर कर दिया। विद्यार्थी वर्ग में अक्षिता, पूजा, अनुरूपा, नीलिमा, अमित, भूमिका ने कृष्ण जन्म गाथा को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *