हाईटेक में बक्कल म्यूकोसा से बनाई पेशाब की नली, यह थी दिक्कत
भिलाई। हाईटेक सुपरस्पेशालिटी हॉस्पिटल में एक 30 वर्षीय युवक की पेशाब की नली का पुनर्निर्माण किया गया। पेशाब की नली को बनाने के लिए बक्कल म्यूकोसा (“मुखीय श्लेष्मा’ या “गाल की अंदरूनी परत’) का इस्तेमाल किया जाता है। मरीज पूर्व में सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ था। उसके चेहरे पर काफी चोटें आई थीं। इसके कारण मैक्सिला और मैन्डिबल स्क्रू प्लेट से जुड़ा हुआ था। हाईटेक के यूरोलॉजिस्ट डॉ नवीन कुमार वैष्णव ने बताया कि मुख के भीतर बहुत कम जगह ऐसी थी जिससे मुखीय श्लेष्मा प्राप्त की जा सकती थी। यह एक बड़ी चुनौती थी पर हमारे पास कोई और विकल्प नहीं था। पेशाब की नली का एक लगभग छह से सात इंच हिस्सा दोबारा बनाना था। हमने इस चुनौती को स्वीकार किया और इसमें सफल भी रहे।
बक्कल म्यूकोसा का उपयोग करके पेशाब की नली (urethra) का पुनर्निर्माण करना, जिसे बक्कल म्यूकोसा ग्राफ्ट यूरेथ्रोप्लास्टी (BMG Urethroplasty) कहा जाता है, मूत्रमार्ग की रुकावट या संकुचन (Urethral Stricture) के इलाज की एक आधुनिक और अत्यधिक प्रभावी प्रक्रिया है। जब पेशाब की नली में चोट, संक्रमण या किसी सर्जरी के कारण निशान पड़ जाते हैं और वह सिकुड़ जाती है, तो उसे ठीक करने के लिए यह तकनीक अपनाई जाती है।
डॉ वैष्णव ने बताया कि लगभग चार घंटे तक चली इस सर्जरी के बाद युवक की पेशाब नली का पुनर्निर्माण करने में हम सफल रहे। मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा तथा जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
#UrethralStricture #Urethroplasty #Buccalmucosa #HitekHospital












