रेत के अवैध खनन के दौरान निकला आया महिला का शव
धमतरी। रेत माफियाओं की कारगुजारियां तो आए दिन सुनने को मिल जाती हैं पर इस बार जो हुआ वह एकदम अलग है। सरकारी नर्सरी के पास से रेत चुरा रहे माफिया की मशीनों ने यहां एक शव के अवशेषों को खोद निकाला है। अवशेषों में मिले लंबे बालों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव किसी महिला का है जो काफी समय से यहां दफ्न पड़ा था। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को परीक्षण के लिए भेज दिया है।
धमतरी जिले के ग्राम परखंदा में रविवार शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हो गई। रेत माफिया यहां सरकारी नर्सरी के पास खुदाई कर रहे थे। तभी मशीनों में उलझकर एक शव निकल आया। लोगों का ध्यान इसकी तरफ तब गया जब उन्होंने कुत्तों को उसे नोंचते देखा। शव का सिर धड़ से अलग हो चुका था। शव की हालत ऐसी थी कि उसके स्त्री या पुरुष होने का पता लगाना मुश्किल था।
कुरुद टीआई चंद्रकांत साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर लिया है। प्राथमिक जांच के अनुसार, यह मामला काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद कंकाल का विधिवत अंतिम संस्कार किया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
#HiddenCorpse #Exhumed #Cadaver












