तंत्र-मंत्र : औलाद के लिए गणेश्वर कुंड में किया धमाका

तंत्र-मंत्र : औलाद के लिए गणेश्वर कुंड में किया धमाका

नीमकाथाना सीकर के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गणेश्वर कुंड में 12 फरवरी को हुए रहस्यमयी धमाके की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह धमाका एक सूटकेस को कंड में फेंकने के कारण हुआ था। यह सुटकेस एक तांत्रिक ने दिया था। कहा था इसे पानी में बहा देना, औलाद हो जाएगी।

12 फरवरी की दोपहर करीब 2 बजे श्रद्धालु गणेश्वर कुंड के पवित्र पानी में आस्था की डुबकी लगा रहे थे, तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। पानी की लहरें उछलीं और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। जांच में पता चला कि पानी में एक सूटकेस फेंका गया था, जिसमें मौजूद रासायनिक विस्फोटक ने पानी के संपर्क में आते ही तीव्र प्रतिक्रिया की और बम की तरह फट गया।
नीमकाथाना एडिशनल एसपी लोकेश मीणा ने बताया कि तफ्तीश के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में कुछ लोग हाथ में नारियल की थैली और एक सूटकेस लेकर कुंड की तरफ जाते दिखे। पुलिस ने साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड की मदद से कड़ियां जोड़ीं और 18 फरवरी को झुंझुनूं, डीडवाना और हरियाणा से 5 आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों में दिनेश जांगिड़, हरीराम, जयराम, निर्मल और नियामत उर्फ सद्दाम शामिल है। आरोपियों के परिवार में बच्चा नहीं हो रहा था, जिसके समाधान के लिए वे हरियाणा के मेवात में एक तांत्रिक के पास पहुंचे। तांत्रिक ने उन्हें एक भारी सूटकेस और नारियल देकर कहा कि ‘इसे बहते पानी में बहा देना, तुम्हारी समस्या हल हो जाएगी।’ जब सूटकेस फेंकते ही धमाका हुआ, तो डरे हुए आरोपियों ने तांत्रिक को फोन किया। शातिर तांत्रिक ने उन्हें यह कहकर शांत कर दिया कि मेरी तंत्र विद्या काम कर रही है, घबराओ मत और चुपचाप वहां से निकल जाओ।

#GaneshwarKundBlast #Tantamantra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *