बड़ी उपलब्धि : कोण्डागांव जिला अस्पताल के SNCU में नवजात को मिला जीवन
कोण्डागांव। कोण्डागांव जिला अस्पताल के SNCU ने गंभीर रूप से बीमार एक नवजात शिशु का जीवन बचा लिया। दंपती ने अपना पहला बच्चा खो दिया था। दूसरे बच्चे को लेकर भी वे सशंकित थे। निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद जब बच्चे की हालत गंभीर दिखी तो उसे तत्काल जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। जिला अस्पताल की (नवजात शिशु देखभाल की विशेष इकाई Special Newborn Care Unit (SNCU) की कोशिशें कामयाब हईं और बच्चे को बचा लिया गया।

18 अप्रैल 2026 को विकासखंड फरसगांव निवासी पूर्णिमा साहू एवं दीपक साहू के पुत्र का जन्म निजी अस्पताल में हुआ। बच्चे की स्थिति भी गंभीर होने पर उसे तत्काल उस अस्पताल से जिला अस्पताल कोण्डागांव रेफर किया गया। दंपत्ति के पहले बच्चे की नवजात अवस्था में मृत्यु हो चुकी थी, जिससे परिवार अत्यंत चिंतित था
जिला अस्पताल में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रूद्र कश्यप एवं डॉ. राजेश बघेल द्वारा जांच में पाया गया कि शिशु परिनैटल एस्फिक्सिया, हाइपोथर्मिया, रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस, शॉक, सेंट्रल सायनोसिस, एपनिया एवं गैसपिंग जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा था। शिशु का ऑक्सीजन स्तर मात्र 60 प्रतिशत था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एस.एन.सी.यू. टीम द्वारा तत्काल गहन उपचार प्रारंभ किया गया।
उपचार के दौरान शिशु को 15 दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट, 2 दिनों तक सीपीएपी सपोर्ट तथा 4 दिनों तक ऑक्सीजन सपोर्ट प्रदान किया गया। आवश्यक दवाइयों, एंटीबायोटिक्स एवं निरंतर निगरानी के माध्यम से उपचार जारी रखा गया। गंभीर बीमारी के कारण प्रारंभिक दिनों में शिशु के वजन में गिरावट देखी गई। स्थिति स्थिर होने के बाद शिशु रोग विशेषज्ञों द्वारा कंगारू मदर केयर की सलाह दी गई।
कंगारू मदर केयर से शिशु के शरीर का तापमान नियंत्रित रखने, वजन बढ़ाने, संक्रमण के खतरे को कम करने तथा माता एवं शिशु के बीच भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करने में विशेष लाभ मिला। इससे शिशु के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ।
लगातार 27 दिनों तक समर्पित चिकित्सा एवं विशेष देखभाल के पश्चात शिशु की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ। डिस्चार्ज के समय शिशु का वजन 1.770 किलोग्राम दर्ज किया गया तथा 14 मई 2026 को शिशु को स्वस्थ अवस्था में सफलतापूर्वक डिस्चार्ज किया गया।
#SNCU_Kondagaon #Perinatal_Asphyxia #Hypothermia #Respiratory_distress












