शोध : अलझाइमर्स के खतरे को काफी कम कर सकता है अंडे का नियमित सेवन
देश में 88 लाख बुजुर्गों को भूलने की बीमारी, सुपरफूड है अंडा
नई दिल्ली। अंडे को सुपरफूड माना जाता है। यह प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और दिमाग के लिए जरूरी कई सारे न्यूट्रिएंट्स देता है। एक अध्ययन में अमेरिकी शोधकर्ताओं ने पाया कि अंडे खाने से अल्जाइमर के खतरे में कमी देखी गई है। शोधकर्ताओं ने देखा कि हफ्ते में एक निश्चित बार अंडे खाने से अल्जाइमर का खतरा सबसे कम होता है। क्योंकि इसके अंदर दिमाग को स्वस्थ बनाने वाले पोषक तत्व होते हैं।

डिमेंशिया के मरीज में याददाश्त, सोचने और व्यवहार में होने वाली गिरावट सामान्य नहीं होती। इसका सबसे आम कारण अल्जाइमर की बीमारी है। जो उम्र बढ़ने पर दिमागी क्षमता को कमजोर कर देती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस बीमारी का कोई इलाज नहीं है। मगर अमेरिका के कुछ शोधकर्ताओं ने अंडे और अल्जाइमर की बीमारी के बीच एक सकारात्मक संबंध देखा है, जो इस दिमागी बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन पर प्रकाशित अध्ययन ने भारत में डिमेंशिया के करीब 88 लाख बुजुर्ग बताए हैं। यह आंकड़ा 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के मरीजों से संबंधित है। आपको बता दें एक सामान्य अनुमान के मुताबिक, डिमेंशिया के कुल मामलों के 60 प्रतिशत से 80 प्रतिशत के पीछे अल्जाइमर होता है।
डिमेंशिया-अल्जाइमर और अंडे का संबंध
अमेरिका के शोधकर्ताओं ने अल्जाइमर (डिमेंशिया) की बीमारी के खतरे और डाइटरी फैक्टर्स के बीच संबंध पर अध्ययन किया। उन्होंने पाया कि ब्रेन हेल्थ को सपोर्ट करने के लिए अंडा डाइट में एक प्रमुख सोर्स है। यह दिमागी स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व देता है। उन्होंने पाया कि एक निश्चित संख्या में अंडे खाने से अल्जाइमर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह अध्ययन साइंस डायरेक्ट पर प्रकाशित है।
अध्ययन में देखा गया कि जो लोग अंडे कभी नहीं खाते या बहुत कम खाते हैं, उनके अंदर अल्जाइमर का खतरा ज्यादा है। इनके मुकाबले जो लोग हफ्ते में एक बार या 2 से 4 बार अंडे खाते हैं, उनमें इस बीमारी का खतरा कम होता है और सबसे कम खतरा हफ्ते में 5 या उससे ज्यादा बार अंडे खाने से देखा गया। ऐसा अंडे को बैलेंस्ड डाइट के साथ लेने पर देखा गया है, क्योंकि इसमें संभावित न्यूरोप्रोटेक्टिव इफेक्ट होते हैं।
#Eggs_and_Alzheimer #Brain_Health
अल्जाइमर क्या होता है?
अल्जाइमर दिमाग की एक बीमारी है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑन एजिंग के मुताबिक, अल्जाइमर एक ब्रेन डिसऑर्डर है, जो धीरे-धीरे याददाश्त और सोचने की क्षमता खत्म कर देता है। इसकी वजह से बुढ़ापे में किसी का नाम याद रखना या घर का पता याद रखने जैसे आसान काम करने में दिक्कत होने लगती है। यह डिमेंशिया के मामलों में बढ़ोतरी का एक प्रमुख कारण है।












