राज्योत्सव में वायु सेना के शौर्य का प्रदर्शन करेगी “सारंग हेलीकॉप्टर टीम”
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री साय को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने टीम के सदस्यों का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आत्मीय स्वागत करते हुए राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का आगमन प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव की बात है। भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का जीवंत परिचय कराएगा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह एयर शो छत्तीसगढ़वासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।
2 नवंबर को सेंध लेक के आसमान में दिखेगा रोमांचक नजारा
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा। सुबह 11 बजे से प्रारंभ होने वाले इस विशेष हवाई प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया भी शामिल हैं। टीम के सदस्य पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से आसमान में विभिन्न रोमांचक संरचनाओं और साहसिक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
ग्रुप कैप्टन श्री कुमार ने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल दर्शकों को रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं है, बल्कि युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। ग्रुप कैप्टन श्री कुमार ने बताया कि विश्व में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से इस प्रकार के एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमें हैं, जिनमें भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भी शामिल है। सारंग टीम की विशेषता यह है कि इसके पांच हेलीकॉप्टर अत्यंत सटीक समन्वय के साथ सामूहिक उड़ान और रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं।
भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपनी विशिष्ट उड़ान शैली और उत्कृष्ट सामूहिक समन्वय के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है। यह टीम भारत में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है।
सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन और विशेष डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में इन रंग-बिरंगे हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान दर्शकों के लिए अत्यंत मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती है। हेलीकॉप्टरों का संतुलित संचालन, निर्धारित दूरी पर उड़ान और एक साथ बदलती संरचनाएं दर्शकों को रोमांचित करती हैं।
#IAF_Sarang_Helicopter #Chhattisgarh_Rajyotsava












