अब चित्रकूट के मंदिर में पूजा करने गई लड़की से बलात्कार

अब चित्रकूट के मंदिर में पूजा करने गई लड़की से बलात्कार

चित्रकूट। मंदिर में पूजा करने गई एक 17 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार हो गया। घटना उत्तर प्रदेश के चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। 7 फरवरी की शाम एक 17 वर्षीय लड़की मंदिर पूजा करने गई थी। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। आरोप है कि मंदिर के पीछे बैठे एक अधेड़ व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया।

लड़की के पिता ने बताया कि घटना के समय वह गांव से बाहर गए हुए थे और सूचना मिलने पर तुरंत लौटे। उनका आरोप है कि मंदिर के पीछे गांव का ही एक व्यक्ति बैठा था जिसने इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी की उम्र करीब 42 साल बताई जा रही है और उसके तीन बच्चे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लड़की का मेडिकल कराया और 8 फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

यह घटना फिर से यह सवाल खड़ा करती है कि नाबालिगों की सुरक्षा सिर्फ कानून की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जब घर, मंदिर और अपने ही परिचितों के बीच लड़कियां और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं तो उनके लिए सुरक्षित जगह आखिर बचती कहां है। बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने से महिलाओं और लड़कियों के मन में डर, असुरक्षा और अविश्वास पैदा होता है।

बता दें मंदिर जैसी जगह पर इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटना सामने आई है। सितंबर 2024 में आयोध्या के राम मंदिर में एक सफाई करने वाली महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। 8 मई 2025 को उत्तर प्रदेश के आगरा में एक 5 साल की मासूम के साथ एक शख्स ने मंदिर में बलात्कार की घटना को अंजाम दिया था । इससे पहले मई 2018 में गुजरात के मशहूर माधवरायजी मंदिर के मुख्य पुजारी पर बलात्कार का आरोप लगा था। एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पुजारी ने बीते डेढ़ साल में शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार बलात्कार किया गया। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में एक मंदिर के पुजारी पर आरोप लगा था कि उन्होंने 18 वर्षीय युवती के घर में घुसकर उसके साथ बलात्कार किया था।

#RapeinTemple #PujariRape

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *