हाइटेक में इलियल परफोरेशन की लैप्रोस्कोपिक सर्जरी का तीसरा केस

हाइटेक में इलियल परफोरेशन की लैप्रोस्कोपिक सर्जरी का तीसरा केस

भिलाई। पिछले दो सालों में हाईटेक सुपरस्पेशालिटी हॉस्पिटल में इलियल परफोरेशन का यह तीसरा मामला था। खास बात यह रही कि इसे भी दूरबीन पद्धति से किया गया। राज्य के कुछ ही केन्द्रों में यह सर्जरी दूरबीन पद्धति से की जाती है। 19 साल के इस युवक के पेट में असहनीय पीड़ा हो रही थी। परिवार के लोगों ने बताया कि उसे पिछले लगभग एक महीने से बुखार आ रहे थे। टायफायड यदि तीन से चार हफ्तों तक खिंच जाए तो छोटी आंत का अंतिम सिरा, जिसे इलियम कहते हैं वहां घाव हो जाता है जिससे वह हिस्सा गल जाता है और वहां छेद हो जाता है।
गैस्ट्रो सर्जन डॉ नविल शर्मा ने बताया कि जांच करने पर उनका अंदेशा सही निकला। तेज पेट दर्द के साथ युवक का बीपी भी तेजी से गिरने लगा था। युवक को टायफायड था। टाइफाइड का बैक्टीरिया (सैल्मोनेला) आंतों की परतों को नुकसान पहुँचाता है, जिससे गंभीर मामलों में इलियल में छेद हो जाता है। यह एक मेडिकल इमरजेंसी होती है जिसमें जल्द से जल्द सर्जरी करनी पड़ती है। इसमें मरीज की जान को भी खतरा होता है।
डॉ नविल ने बताया कि छोटी आंत में छेद होने पर आंत के अन्दर मौजूद पाचक रस, अधपता भोजन या बैक्टीरिया पेट की खाली जगह (पेरिटोनियल कैविटी) में रिसने लगता है। इसके कारण पेट की भीतरी परत में गंभीर सूजन और संक्रमण हो जाता है जिसे पेरटोनाइटिस कहते हैं।
बहरहाल, युवक को दर्द से राहत दिलाने के लिए दवा दी गई। दो घंटे के भीतर मरीज को स्टेबिलाइज किया गया और देर रात में ही उसकी सर्जरी कर दी गई। सर्जरी दूरबीन पद्धति से ही की गई जो सफल रही। दिन निकलने तक मरीज को आराम आ गया था। कुछ ही दिनों में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ नविल शर्मा ने बताया कि इलियल परफोरेशन के प्रमुख कारणों में टाइफाइड या आंत्र ज्वर, आंतों की टीबी, क्रोह्न रोग शामिल हैं। इसके अलावा बाहरी चोट या भोजन के साथ किसी नुकीली वस्तु को निगलने के कारण भी ऐसा हो सकता है। इसके अलावा आंतों में रक्त प्रवाह का रुकना (इस्कीमिया) भी उसकी वजह हो सकती है।
इसके प्रमुख लक्षणों में अचानक और बहुत तीव्र दर्द, पेट का सख्त हो जाना, तेज बुखार और कंपकंपी होना, उल्टी या मतली होना, दिल की धड़कन का तेज होना, सांस फूलना आदि शामिल है। यदि साथ में रक्तचाप भी गिरने लगे यह स्थिति और गंभीर हो जाती है जिसमें मरीज शॉक में जा सकता है।

#Ileal_perforation_Lap_Surgery #Hitek_Super_Speciality_Hospital_Bhilai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *