बर्फीली चोटी पर दिखा मोर का जोड़ा, क्या खत्म हो रही दुनिया
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मनाली के पास 6000 फीट से अधिक ऊंचाई पर जगतसुख गांव है। यह गांव पूरी तरह बर्फ से ढका है। इसी दौरान बर्फ से ढके जंगल में मोरों का एक जोड़ा देखा गया है। इस दुर्लभ दृश्य ने इस नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र पर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। आमतौर पर मोर गर्म क्षेत्र में पाए जाते हैं। बर्फ में नजर आए इन मोरों ने जगतसुख में सनसनी मचा दी है।मौसम वैज्ञानिकों और वन्यजीव संरक्षकों ने हैरानी जताई है। वहीं गांव के कुछ लोग इस घटना को किसी अनहोनी से जोड़ रहे हैं। जगतसुख के 52 वर्षीय बालक राम शर्मा ने कहा, ‘मैं दंग रह गया। मुझे अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था। हमारे जंगलों में बर्फ में दो मोर थे।’ कुछ ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि ये जोड़े पिछले साल गर्मियों में जंगल में आए थे, लेकिन पहले बहुत कम दिखाई देते थे।
कुल्लू के उप वन संरक्षक (वन्यजीव) राजेश शर्मा ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘हमें कुछ दिन पहले ग्रामीणों से सूचना मिली थी। हमने एक मोर की जांच की और पाया कि वह घायल नहीं था और उसकी उड़ान सामान्य थी। ग्रामीणों का कहना है कि ये जोड़ा छह महीने से अधिक समय से यहां रह रहा है।’ उन्होंने कहा कि औसत तापमान में वृद्धि इस ऊंचाई पर मोरों के दुर्लभ दर्शन का एक कारण हो सकती है।
वाइल्ड लाइफ संरक्षक ने कहा कि 10-15 साल पहले तक कुल्लू और मनाली के घरों में छत के पंखे नहीं होते थे। लेकिन अब ज्यादातर जगहों पर मौसम गर्म हो गया है और ऊंचे पहाड़ अब उतने ठंडे नहीं रहे जितने पहले थे, इसलिए मोरों को कुल्लू के ऊपरी इलाके रहने लायक लग रहे होंगे और वे वहां के वातावरण के अनुकूल ढलने लगे होंगे।
#Peacock #IcecappedMountain












