बिलासपुर। छोटे बड़े पहाड़ों की गोद में बसा है ग्राम खोंदरा। यहां पानी की भारी किल्लत रहती थी। खेत सूखे रह जाते थे। गांव की 70 महिलाओं ने साहस किया और तीन साल की अथक मेहनत से पहाड़ का सीना चीरकर खेतों तक पानी ले आईं। इसके लिए उन्हें 20 फीट गहरी सुरंग भी खोदनी पड़ी, पर वे विचलित नहीं हुईं और जीवन संकट में डालकर भी काम करती रहीं। यह गांव चारों तरफ पहाड़ों से घिरा हुआ है। इसके कारण जब बारिश का पानी पहाड़ से नीचे गिरता तो इसकी रफ्तार भी काफी तेज होती। तब इसे सहेजना काफी मुश्किल काम होता।












