भिलाई। श्रीशंकराचार्य तकनीकी कैम्पस में आयोजित ‘संविद-19’ में बीआईटी के छात्रों ने भी बढ़चढ़ कर सहभागिता दी। बीआईटी के नुक्कड़ नाटक दलों ने न केवल बेहतरीन प्रदर्शन किया बल्कि अनेक ज्वलंत मुद्दों की तरफ ध्यान आकर्षित करते हुए प्रथम एवं द्वितीय स्थानोें पर कब्जा भी जमा लिया। छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सफल अभिनेता एवं वरिष्ठ मिमिक्री आर्टिस्ट प्रदीप शर्मा के साथ वरिष्ठ पत्रकार दीपक रंजन दास निर्णायक के रूप में मौजूद थे। ‘बोल रेड’ और ‘बोल ब्लैक’ नाम के दलों में बंटे इन बच्चों ने मॉब लिंचिंग, भीड़ का फैसला, सेक्स एजुकेशन के नाम पर समाज के ठेकेदारों की चुप्पी, जैसी अनेक सामाजिक चुनौतियों को चुटीले संवादों के साथ पुरकशिश अंदाज में पेश किया। उन्होंने बताने की कोशिश की कि किस तरह भीड़ जो समझती है उसे ही सच मानकर सच्चाई का गला घोंट देती है।












