अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर कोनी में निःशुल्क गर्भाशय कैंसर जांच शिविर

अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर कोनी में निःशुल्क गर्भाशय कैंसर जांच शिविर

बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर कुमार साहब स्व. श्री दिलीप सिंह जूदेव शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोनी बिलासपुर द्वारा 12 मई , मंगलवार को निःशुल्क गर्भाशय कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर अस्पताल परिसर में प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में विशेष रूप से 35 से 55 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं की जांच की जाएगी। ऐसी महिलाएं जिन्हें असामान्य रक्तस्राव, सफेद पानी की समस्या, पेट दर्द अथवा मासिक धर्म संबंधी अनियमितताओं की शिकायत है, उन्हें जांच कराने की सलाह दी गई है। आवश्यकता अनुसार पैप स्मीयर जांच भी की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर पहचान और उपचार से इसे रोका जा सकता है। शिविर का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रारंभिक अवस्था में बीमारी की पहचान सुनिश्चित करना है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा महिलाओं को कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव एवं नियमित जांच के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) मेडिकल कॉलेज के सहयोग से किया जा रहा है। शिविर हेतु पंजीयन के लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है। इच्छुक महिलाएं 11 मई की शाम 5 बजे तक अपना पंजीयन करा सकती हैं। सीमित पंजीयन होने के कारण समय रहते पंजीयन कराने की अपील की गई है। संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने अधिक से अधिक महिलाओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

#International_Nurses_Day #Koni

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *