शिक्षा का मंदिर हुआ शर्मसार, प्रधानपाठक ने दबाया शिक्षिका का गला
धरसींवा। ग्राम पंचायत तरेसर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक ने सहकर्मी महिला शिक्षक के साथ न केवल अभद्र कोशिश की, बल्कि विरोध करने पर उसे जान से मारने का भी प्रयास किया। प्रधान पाठक पिछले कई महीनों से स्कूल परिसर के भीतर ही शिक्षिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वह आए दिन छेड़छाड़ करता और उसे परेशान करता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पथरी निवासी 50 वर्षीय जय राम सेन तरेसर प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक है। आरोपी प्रधान पाठक पिछले कई महीनों से महिला शिक्षिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वह आए दिन महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ करता था। लोकलाज और काम के माहौल को बनाए रखने के चलते पीड़ित महिला लगातार उसकी हरकतों को सहती रही, लेकिन बीते 24 जून को आरोपी ने सारी हदें पार कर दीं।
24 जून की सुबह करीब दस बजे जैसे ही स्कूल खुला, आरोपी प्रधान पाठक जय राम सेन ने शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और गंदे इशारे करने लगा। इस बार महिला शिक्षक ने आरोपी की इस घिनौनी हरकत का खुलकर और कड़ा विरोध किया। उसका विरोध करना प्रधान पाठक को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने महिला टीचर का गला दबा दिया। टीचर की चीख-पुकार सुनकर स्कूल में मौजूद अन्य शिक्षक तुरंत मौके की तरफ दौड़े। उन्होंने किसी तरह बीच-बचाव किया और आरोपी प्रधान पाठक के चंगुल से सहमी हुई महिला शिक्षिका को छुड़ा लिया।
इसके बाद महिला शिक्षक ने सीधे थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला की रिपोर्ट पर सिलयारी पुलिस ने आरोपी प्रधान पाठक जय राम सेन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग), धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और धारा 351(3) (आपराधिक धमकी देना) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
#Teacher_Molested












