रोज-रोज नहीं, अब हफ्ते में एक ही बार लेना होगा इंसुलिन का इंजेक्शन
नई दिल्ली। डायबिटीज के मरीजों के लिए अच्छी खबर है। डेनमार्क की दवा कंपनी Novo Nordisk ने Awiqli इंसुलिन आइकोडेक को भारत में लॉन्च किया है। इसे सप्ताह में केवल एक बार लगाना होगा। अभी तक जो दवाएं थीं उनको इंजेक्शन की मदद से रोज लेना पड़ता था।

नया इंसुलिन टाइप-1 और टाइप-2 दोनों तरह के डायबिटीज के मरीजों के लिए विकसित किया गया है। अभी तक डायबिटीज के टाइप-1 वाले मरीजों को साल में पूरे 365 दिन इंसुलिन के इंजेक्शन लेने पड़ते थे, लेकिन Awiqli के केवल साल में 52 इंजेक्शन लेने होंगे। इससे बार-बार इंजेक्शन लगाने की परेशानी भी कम होगी। जो मरीज पूरी तरह इंसुलिन पर ही निर्भर है उनको इससे काफी फायदा होगा।
आईसीएम के अनुसार, भारत में डायबिटीज के 10 करोड़ से अधिक मरीज हैं। हाल ही में आए नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS-6) के आंकड़े बताते हैं कि शहरों के साथ-साथ गांवों में भी हाई ब्लड शुगर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। कम उम्र में ही लोग टाइप- 2 डायबिटीज का भी शिकार हो रहे है।
यह इंसुलिन शरीर में जाने के बाद एल्ब्यूमिन प्रोटीन के साथ मिल जाती है। इससे शरीर में जाने के बाद यह हर दिन धीर- धीरे शरीर के हिसाब से इंसुलिन छोड़ती है। इसको हफ्ते में एक दिन किसी भी समय ले सकते हैं। इस दवा को अमेरिका के FDA और यूरोप के EMA सहित कई देशों में मंजूरी मिल चुकी है। इस इंसुलिन को फ्लैक्सटच नाम के पेन डिवाइस की मदद से आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
नोवो नॉर्डिस्क इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर विक्रांत श्रोत्रिया ने कहा कि यह भारत में डायबिटीज के इलाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। हफ्ते में सिर्फ एक बार इंसुलिन लेने की सुविधा से मरीजों का मानसिक तनाव कम होगा।
#diabetes #insulin_injection












