पैरा एथलेटिक्स में लक्की को शहीद राजीव पांडेय एवं सुखदेव-निखिल को शहीद कौशल यादव पुरस्कार

पैरा एथलेटिक्स में लक्की को शहीद राजीव पांडेय एवं सुखदेव-निखिल को शहीद कौशल यादव पुरस्कार

चांदनी को मुख्यमंत्री ट्रॉफी एवं प्रियंका को शहीद पंकज विक्रम सम्मान

महासमुंद। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। अलंकरण समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद  बृजमोहन अग्रवाल एवं विजय बघेल विशिष्ट अतिथि आदि की गरिमामयी उपस्थिति रहीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के लिए 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए। मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है, जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है।

महासमुन्द जिले के फार्च्यून नेत्रहीन विद्यालय करमापटपर बागबहारा के 03 पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी लक्की यादव, सुखदेव एवं निखिल यादव को राज्य खेल अलंकरण से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। लक्की यादव पिता श्री कुमार यादव को शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार वर्ष 2025-26 से सम्मानित किया गया जिसमें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं राशि 03 लाख रु. प्रदाय किया गया। लक्की यादव ने विश्व पैरा एथलेटिक्स 2026 नई दिल्ली में रजत पदक प्राप्त किया था। सुखदेव पिता श्री छत्रपाल को शहीद कौशल यादव पुरस्कार वर्ष 2024-25 से सम्मानित किया गया जिसमें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं राशि 1.50 लाख रु. प्रदाय किया गया।

सुकदेव ने पैरा एथलेटिक्स खेल में वर्ष 2024-25 में 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप दिनांक 18 से 20 फरवरी 2025 चेन्नई तमिलनाडू में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। 13वीं जूनियर नेशनल एवं सब जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 15 से 17 जुलाई 2024 बेंगलुरू में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 12वीं जूनियर नेशनल एवं सब जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 27 से 29 जनवरी 2023 गुजरात में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। निखिल यादव पिता श्री दाऊ लाल यादव को शहीद कौशल यादव पुरस्कार वर्ष 2025-26 से सम्मानित किया गया जिसमें अलंकरण फलक, प्रमाण पत्र एवं राशि 1.50 लाख रु. प्रदाय किया गया। निखिल यादव ने 14वीं जूनियर नेशनल एवं सब जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 29 से 31 अगस्त 2025 ग्वालियर मध्य प्रदेश में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था।

प्रियंका ठाकुर को शहीद पंकज विक्रम सम्मान वर्ष 2023-24 से सम्मानित

प्रियंका ठाकुर महिला आरक्षक थाना तुमगांव जिला महासमुंद में पदस्थ हैं जो 2016 से लगातार राष्ट्रीय सीनियर वुशु चैम्पियनशिप में शामिल होते हुए छत्तीसगढ़ राज्य को 02 बार कांस्य पदक दिलाने में सफल रहीं हैं। प्रियंका राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त, 2026 के अवसर पर राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 में शहीद पंकज विक्रम सम्मान 2023-2024 से सम्मानित किया गया।

महासमुन्द की बेटी चांदनी साहू तीरंदाजी को मिला मुख्यमंत्री ट्रॉफी

चांदनी साहू पिता बलदेव साहू को वर्ष 2024-25 एवं वर्ष 2025-26 के लिए सीनियर महिला टीम को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने खेल अलंकरण प्राप्त खिलाड़ियों एवं उनके परिवार से मुलाकात कर उनको सम्मानित किया एवं उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जिले में खेल की गतिविधियां के विकास करने एवं जिले में खेल अकादमी खोले जाने के लिए प्रयास करने कहा गया।

इस अवसर पर खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद मनोज धृतलहरे, निरंजन साहू, खिलाड़ियों के गुरुजन एवं पालक उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के खेल अलंकरण प्राप्त करने पर राज्य पैरा एथलेटिक्स संघ सचिव डीकेश टंडन, जिला पैरा स्पोर्टस संघ सचिव तोरण यादव एवं पदाधिकारियों ने तथा डॉ. पूर्णेन्द्र चंद्राकर, जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा जिला महासमुंद के अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव एवं एन आई एस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, अरविंद छाबड़ा, रिंकल बग्गा, सोमनाथ साहू, बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा के समस्त खिलाड़ी एवं खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के समस्त खिलाड़ियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

#Para_Athletics

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *