हिमालय की चोटी पर बनाया विष्णुदेव रूट, लेंगे रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण

हिमालय की चोटी पर बनाया विष्णुदेव रूट, लेंगे रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण

रायपुर। जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवा तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। जशपुर की टीम ने 2024 में हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार करते हुए सफलतापूर्वक आरोहण किया। इस नए चढ़ाई मार्ग का नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में विष्णु देव रूट रखा।

इन युवाओं को दिसंबर माह में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को लेवल-1 तथा एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

इस पहल की सफलता के साथ जशपुर मध्य भारत का पहला ऐसा पर्यटन स्थल बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की समर्पित टीम उपलब्ध होगी। इससे जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने के साथ जशपुर यह उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है कि दूरदर्शी प्रशासन और समुदाय की भागीदारी से किस तरह भारत को वैश्विक स्तर पर एक भरोसेमंद साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को आजीविका के स्थायी अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। जशपुर के युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

जशपुर में साहसिक पर्यटन के विकास और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में प्रारंभ की गई थी। इस पहल को धरातल पर उतारने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था पहाड़ी बकरा एडवेंचर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को प्रारंभिक स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण प्रदान किया।

’हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया विष्णु देव रूट’
जशपुर के इन युवाओं ने वर्ष 2025 में आयोजित ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन में अपनी पर्वतारोहण क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इस अभियान के दौरान जशपुर की टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार करते हुए सफलतापूर्वक आरोहण किया टीम ने इस नए चढ़ाई मार्ग का नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में विष्णु देव रूट रखा।

अभियान के दौरान युवाओं ने अल्पाइन शैली में पर्वतारोहण करते हुए साहस, अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। इस अभियान को 15 से अधिक प्रायोजकों का सहयोग प्राप्त हुआ था।

जशपुर जिले की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र और समृद्ध जनजातीय संस्कृति साहसिक पर्यटन के विकास की व्यापक संभावनाएं प्रदान करती हैं। जिला प्रशासन इन संभावनाओं को स्थानीय युवाओं की आजीविका से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

’इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा जशपुर’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल की विशेषता स्थानीय जनजातीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी है। जिला प्रशासन के सहयोग से विकसित आउटडोर एडवेंचर सेक्टर का संचालन स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आदिवासी युवाओं के स्वामित्व वाले निजी उद्यम के माध्यम से किया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को केवल प्रशिक्षण और रोजगार तक सीमित रखने के बजाय पर्यटन गतिविधियों के संचालन, प्रबंधन और उद्यमिता से भी जोड़ा जा रहा है।

#Jashpur_Rock_Climbing #Pirpanjal_Vishnudeo_Route

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *