कोलकाता में नाबालिग के पिता और दोस्त को नंगा कर सड़क पर घुमाया
कोलकाता। दक्षिण-पश्चिम कोलकाता के सरसुना इलाके में रविवार शाम एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। यह किसी मध्ययुगीन ‘कंगारू कोर्ट’ जैसी थी। यहां एक 17 साल के युवक, उसके पिता और उसके 19 साल के दोस्त को एक नाबालिग लड़की के परिवार वालों ने बुरी तरह पीटा। उन्होंने बंदूक की नोक पर उन्हें धमकाया, उनके कपड़े उतरवा दिए और फिर उन्हें नग्न अवस्था में ही भीड़-भाड़ वाली सड़क पर 50 मीटर से ज़्यादा दूर तक चलने के लिए मजबूर किया।
एडिशनल सीपी (क्राइम) कुणाल अग्रवाल ने बताया कि 17 साल का पीड़ित युवक, अपने 19 साल के दोस्त के साथ सरसुना के खलपार मठ के पास 13 साल की एक लड़की से मिलने गया था। बातचीत के दौरान, युवक ने कथित तौर पर लड़की को चूम लिया, जिसे लड़की के चाचा के एक परिचित ने देख लिया। उसने लड़की के मामा और पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वे दोनों लड़कों को खुदीराम पल्ली स्थित अपने घर ले आए। वहां उन्होंने दोनों लड़कों के साथ मारपीट की और युवक से उसके पिता को बुलाने के लिए कहा
युवक के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने मुझे बुलाया, हम तीनों को एक कमरे में बंद कर दिया और कई लोगों की मौजूदगी में मुझे बुरी तरह पीटा। बाद में उन्हें लगा कि अगर वे इसी तरह मारते रहे, तो शायद हमारी जान चली जाएगी। फिर उन्होंने मुझे एक विकल्प दिया: ‘अपने बेटे को मार डालो। अगर बंदूक का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो उसे चाकू घोंप दो।’ लड़की की मां ने कहा कि यह इतना आसान नहीं होगा। उसने कहा कि वह गैस स्टोव पर चाकू गर्म करेगी और मुझे देगी, ताकि मैं उसे अपने बेटे के पेट में घोंप सकूं। अपने बेटे को बचाने के लिए, मेरे पास कपड़े उतारने के अलावा कोई और रास्ता नहीं था।’इलाके के लोगों ने बताया कि हमलावरों के पास हथियार थे और उन्होंने धमकी दी कि अगर किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो वे उसे मार डालेंगे।
स्थानीय निवासी अर्नब साहा ने बताया कि हमलावरों के हाथों में बंदूकें थीं और वे दूसरों को भी गोली चलाने के लिए कह रहे थे। जब हमने विरोध किया, तो उन्होंने हमें भी धमकी दी और कहा कि यहां से चले जाओ, वरना हम गोली चला देंगे।’ बाद में, लड़के के पिता ने हमें बताया कि अपने बेटे को बचाने का उनके पास यही एकमात्र तरीका था।
पुलिस ने इस धाराओं में दर्ज किया केस
युवक के पिता की शिकायत के आधार पर, सरसुना पुलिस स्टेशन ने हत्या के प्रयास (109), सामूहिक मारपीट (118(i)), गंभीर शारीरिक चोट पहुँचाने (117(2)), अवैध रूप से बंधक बनाने (127(2)), जबरन वसूली (356(2)), आपराधिक धमकी (351(3)), अपहरण (140(3)) और संगठित अपराध (3(5)) जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही, बिना लाइसेंस के हथियार रखने के लिए आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपियों में लड़की के माता-पिता और उसके मामा हैं। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है। पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण पूरा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बंदूक की नोक पर कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया गया। हालांकि, अभी तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा की जा रही है, और पूछताछ के लिए कई स्थानीय गवाहों की पहचान की गई है।
नगर मामलों एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मैं बंगाल के सभी लोगों को आश्वस्त करना चाहती हूं कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। राजनीतिक संबद्धता किसी को बचा नहीं पाएगी।
टीएमसी पार्षद पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपियों को राजनीतिक समर्थन प्राप्त था। साहा ने आगे आरोप लगाया कि इसके पीछे स्थानीय तृणमूल के दबंग लोग थे, जिनके एक पूर्व पार्षद के साथ करीबी संबंध हैं। यह पूरी घटना इलाके की महिलाओं के लिए बहुत भयावह थी। मेरी पत्नी और भाभी, जो लक्ष्मी पूजा के लिए एक पड़ोसी के घर गई थीं, इस घटना को देखकर बुरी तरह सहम गईं। तृणमूल कांग्रेस ने इस कृत्य को नीच करार दिया और कहा कि उनका कोई भी समर्थक इसमें शामिल नहीं है। इलाके के एक पूर्व पार्षद, जिन्होंने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया, ने कहा कि इसे जानबूझकर राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
#Nude_Parade #Kolkata_Goons












