माता-पिता का साया हटा, दादी भी चल बसी, चाचा के भरोसे बनी IPS
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 18 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिनमें मुख्य रूप से 2021 से 2024 बैच के युवा अधिकारी शामिल हैं। इसी तबादला सूची में चर्चित और प्रेरणादायी युवा आईपीएस अधिकारी अंशिका जैन को जगदलपुर का नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नियुक्त किया गया है।
इससे पहले वह बिलासपुर में ट्रेनी आईपीएस के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। अंशिका जैन की यह सफलता उन तमाम युवाओं के लिए एक मिसाल है जो जिंदगी की मुश्किलों और असफलताओं के आगे घुटने टेक देते हैं। दिल्ली की रहने वाली अंशिका जैन के लिए यह मुकाम हासिल करना किसी जंग जीतने से कम नहीं था, क्योंकि उन्होंने बेहद कम उम्र में ही अपने माता-पिता को खो दिया था।
बचपन में माता-पिता का साया उठ जाने के बाद अंशिका की परवरिश उनकी दादी और चाचा ने की। दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज से बीकॉम करने के बाद उन्होंने यूपीएससी की कठिन परीक्षा में उतरने का फैसला किया। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2022 में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 306 हासिल कर आईपीएस का पद पाया।
यह सफर बिल्कुल आसान नहीं था। यूपीएससी के तीसरे प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद महज एक नंबर से चूक गई थीं। इसके अलावा, जिस दादी का सपना था कि उनकी पोती अफसर बने, वे तैयारी के दौरान इस दुनिया से चली गईं। इस गहरे सदमे ने उन्हें झकझोर दिया था, लेकिन उनके चाचा और परिवार ने चट्टान की तरह उनका साथ दिया।
अंशिका ने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को सुधारते हुए पांचवें प्रयास में आखिरकार अपनी मंजिल पा ही ली। 1 अगस्त 2023 को उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा ज्वाइन की थी। अब छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के संवेदनशील जिले जगदलपुर में उन्हें नगर पुलिस अधीक्षक की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी यह सक्सेस स्टोरी साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी अगर पक्का इरादा हो, तो हर बड़ी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।
#IPS_Anshika_Jain












