छोटे पति के स्वदेश लौटने पर पत्नी ने सोशल मीडिया पर किया स्वागत
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पिछले साल हुई एक शादी अचानक चर्चा में आई थी। इस शादी के चर्चा में रहने की वजह दो भाइयों का एक ही लड़की के साथ सात फेरे लेना था। दरअसल प्रदीप नेगी, कपिल नेगी और सुनीता ने परिवार की रजामंदी से पुरानी परंपरा को निभाते हुए यह शादी की थी।
शादी के कुछ महीनों बाद छोटा भाई कपिल विदेश लौट गया था। कपिल बहरीन में नौकरी करता है। अब एक साल बाद वो फिर से घर लौटा है। इसकी जानकारी खुद उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर साझा की थी। वहीं कपिल के घर लौटने पर उसकी पत्नी सुनीता काफी खुश है। सुनीता ने फेसबुक पर पोस्ट कर अपने दूसरे पति पर प्यार लुटाया है।
सुनीता ने फेसबुक पर एक प्यारी सी पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट पर सुनीता ने लिखा है कि मेरे छोटे हसबैंड एक साल बाद परदेस से घर लौटे हैं। इनके आने से घर में जैसे फिर से रौनक सी आ गई है। जिसका इतने समय से इंतजार था, आज वो सामने हैं। इससे बड़ी खुशी और क्या होगी। बता दें कि सुनीता ने पोस्ट पांच दिन पहले सिरमौरी जोड़ीदार भाई के पेज पर शेयर की थी। इस पोस्ट में उन्होंने एक फोटो भी शेयर की है जिसमें वो कपिल के साथ नजर आ रही हैं।
क्या है जोड़ीदार की परम्परा?
इस प्रथा के तहत एक ही महिला दो या दो से अधिक सगे भाइयों से एक साथ विवाह करती है। जुलाई 2025 में सिरमौर के शिलाई गांव की सुनीता नेगी ने प्रदीप नेगी और कपिल नेगी नाम के दो सगे भाइयों से शादी की थी। इसमें एक पति (प्रदीप) हिमाचल प्रदेश में जलशक्ति विभाग में कार्यरत हैं और दूसरे पति (कपिल) विदेश में काम करते हैं। हाल ही में इस दंपती के घर संतान का जन्म भी हुआ है। स्थानीय लोगों और हाटी समुदाय के अनुसार, यह प्रथा मुख्य रूप से परिवार की संयुक्त एकता बनाए रखने और जमीन-संपत्ति को टुकड़ों में बंटने से रोकने के लिए चली आ रही है।
#Himachal_Jodidar_Bhai #Polyandry












