कलेक्टर दिव्या ने गुदुम, कुआगोंदी, सुरडोंगर में देखी धान खरीदी व्यवस्था
बालोद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी की व्यवस्थाओं को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज डौंडी विकासखंड के ग्रामीण अंचल स्थित गुदुम, कुआगोंदी, सुरडोंगर और आमाडुला धान खरीदी केंद्रों का सघन औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने चारों उपार्जन केंद्रों में धान की आवक, भंडारण के लिए लगाए गए स्टेक, बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, धान की नमी परीक्षण, तौलाई प्रक्रिया तथा किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने केंद्रों में बिक्री के लिए लाए गए धान के ढेरों का अवलोकन किया और नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच करवाई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप केवल सूखा एवं गुणवत्तायुक्त धान ही खरीदा जाए। इसके साथ ही उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट के माध्यम से हो रही धान की तौलाई प्रक्रिया का निरीक्षण कर प्रति बोरे में निर्धारित मानक वजन सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने गोदाम एवं फड़ परिसर में तैयार किए गए धान के स्टेक का भी जायजा लिया और व्यवस्थित डनेज लगाकर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों में नए एवं पुराने बारदानों की उपलब्धता व स्टॉक पंजी का भी मिलान किया।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने उपार्जन केंद्रों में धान बेचने पहुंचे किसानों से आत्मीय चर्चा कर टोकन कटने, तौलाई तथा केंद्र में मिल रही सुविधाओं के संबंध में सीधा फीडबैक लिया। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान किसानों के रकबे में प्रदर्शित समस्याओं का भी भौतिक परीक्षण कर निराकरण किया। उन्होंने आमाडुला धान खरीदी केन्द्र में धान खरीदी के कार्य में लापरवाही बरतने पर नाराजगी व्यक्त की और व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए तथा लापरवाहीपूर्वक कार्य करने पर संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने केंद्रों में की गई सुगम व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समिति प्रबंधकों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था निरंतर बनी रहे तथा किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में कोई परेशानी न हो।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने मौके पर उपस्थित राजस्व, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों तथा समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर केंद्र में उपस्थित रहकर पूरी पारदर्शिता के साथ खरीदी कार्य संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कोचियों या बिचैलियों का अवैध धान उपार्जन केंद्रों में खपने न पाए। केवल वास्तविक किसानों के सत्यापित रकबे के आधार पर ही धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।
#Collector_Divya_Mishra #Paddy_Procurement












