नंदनवन जू और जंगल सफारी में इलेक्ट्रिक सफारी और बोटिंग की सुविधा शुरू

नंदनवन जू और जंगल सफारी में इलेक्ट्रिक सफारी और बोटिंग की सुविधा शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को आधुनिक, रोमांचक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नया रायपुर स्थित नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहनों और नई बोटिंग सेवाओं का आज वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने शुभारंभ कर किया। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल प्रदेश के पर्यटन उद्योग को नई मजबूती प्रदान करेगी।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर काम कर रही है। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री इंद्र कुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वन विभाग ने इस परियोजना में नवाचार करते हुए पहली बार राजस्व साझेदारी मॉडल को अपनाया है। इसके तहत सरकार द्वारा भारी-भरकम खर्च कर वाहन खरीदने के बजाय निजी कंपनियों के सहयोग से ये सेवाएं शुरू की गई हैं। इस मॉडल से सरकारी खर्च में बड़ी कटौती होगी और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत, ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जंगल सफारी में शत-प्रतिशत इको-फ्रेंडली वाहनों को प्राथमिकता दी जा रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों के चलने से कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी आएगी। ईंधन की बचत होगी और वन्यजीवों के लिए जंगल का प्राकृतिक वातावरण शांत व सुरक्षित रहेगा।

जंगल सफारी में पर्यटकों के रोमांच और सुविधा को दोगुना करने के लिए कई नए आकर्षण जोड़े गए हैं। पर्यटकों की सैर के लिए 7 नई इलेक्ट्रिक बसें और 5 इलेक्ट्रिक जिप्सी बेड़े में शामिल की गई हैं, जिनकी संख्या भविष्य में और बढ़ाई जाएगी। जल पर्यटन का दायरा बढ़ाते हुए अब पर्यटकों के लिए पॉटून बोट और बांस राफ्ट्स की शुरुआत की गई है। आने वाले समय में यहाँ कायक और वाटर साइकिल जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। सफारी परिसर में एक विशेष शोवेनियर शॉप तैयार की गई है, जहाँ पर्यटक छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला, बस्तर आर्ट और हस्तशिल्प से जुड़ी खूबसूरत वस्तुएं खरीद सकेंगे।

यह परियोजना केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगी। इन सेवाओं के संचालन से सीधे तौर पर 15 से 20 स्थानीय युवाओं, विशेषकर महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, निजी क्षेत्र द्वारा किए जा रहे करोड़ों रुपये के निवेश से इस क्षेत्र में विकास की असीम संभावनाएं खुलेंगी।

नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहनों और नई बोटिंग सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही श्रीनिवास राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पांडेय, प्रबंध संचालक छ.ग. राज्य लघु वनोपज संघ अनिल कुमार साहू, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक शालिनी रैना, मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) गुरुनाथन एन., और संचालक जंगल सफारी थेजस शेखर सहित वन विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

#e_Jungle_Safari #Nandanvan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *