परफेक्ट और हेल्दी उपमा बनाने के लिए रखें इन छोटी-छोटी बातों का ख्याल
सूजी का उपमा बनाना काफी आसान लगता है पर ऐसा है नहीं। कभी उपमा सूखा और दरदरा रह जाता है तो कभी गीला होकर चिपक जाता है। कभी उसमें से सूजी की खुशबू आती है तो कभी वह एकदम फीका और बेस्वाद लगता है। कुछ बातों का ध्यान रखकर आप भी घर पर होटलों वाला उपमा बना सकते हैं.

भूनने से बढ़ जाता है सूजी का स्वाद
उपमा बनाते समय सबसे बड़ी गलती सूजी को सीधे इस्तेमाल करना है। बिना भूनी सूजी से डिश का स्वाद फीका रह सकता है और उसकी खुशबू भी नहीं आती। सूजी को धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इससे उसका स्वाद और टेक्सचर बेहतर हो जाता है।
पानी और सूजी का गलत अनुपात
उपमा के खराब होने का एक बड़ा कारण पानी की मात्रा का सही न होना है। ज्यादा पानी डालने से उपमा गीला और चिपचिपा बन जाता है, जबकि कम पानी डालने पर वह सूखा लग सकता है।आमतौर पर 1 कप सूजी के लिए 2.5 से 3 कप पानी का इस्तेमाल करना चाहिए।
मसालों और तड़के को नजरअंदाज करना
कई लोग केवल सूजी और पानी डालकर उपमा तैयार कर लेते हैं, जिससे उसका स्वाद फीका रह जाता है। राई, करी पत्ता, हरी मिर्च, अदरक और थोड़ा सा घी या तेल डालकर तड़का तैयार करें। इससे उपमा का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।
सब्जियों का सही उपयोग
उपमा में सब्जियां न डालने या उन्हें अधिक पकाने से डिश का स्वाद प्रभावित हो सकता है। गाजर, मटर, शिमला मिर्च और बीन्स जैसी सब्जियों को हल्का क्रंची रहने तक पकाएं। इससे उपमा स्वादिष्ट और पौष्टिक बनता है।
सूजी को खौलते पानी में धीरे-धीरे डालें
पूरी सूजी को एक साथ खौलते पानी में नहीं डालना चाहिए। इससे गांठें बनने लगती हैं। सूजी को धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाते रहें। इससे उपमा एकदम मुलायम और दानेदार बनता है।
ऐसे बढ़ाएं स्वाद
- स्वाद बढ़ाने के लिए भुनी मूंगफली डालें।
नींबू का रस मिलाने से ताजगी आती है।
हरा धनिया डालकर गार्निश करें।
उपमा को धीमी आंच पर पकाएं।
ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाली सूजी का इस्तेमाल करें। - दही को पतला कर साथ में सर्व कर सकते हैं।
#Recipe #South_Indian_Tiffin #Upma












