लापता छात्राओं ने बताया, साड़ी पहनकर आती थी भूत, अपनी तरफ खींचती थी
कोंडागांव । छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में हॉस्टल से तीन छात्राओं के लापता होने के मामले में नया मोड़ आया है। हॉस्टल प्रबंधन के दावे के बाद छात्राओं ने भी दावा किया है कि उन्होंने भूत के डर के कारण हॉस्टल छोड़ दिया है। हॉस्टल छोड़ने के बाद शनिवार को देर रात तीनों छात्राएं अपने गांव पहुंचीं और सरपंच को मामले की जानकारी दी।
दरअसल, मामला कोंडागांव जिले के विकासखंड गोलावंड में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का है। शनिवार यहां से तीन छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया। जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं, मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्राओं के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
सरपंच के पास पहुंची छात्राओं ने हॉस्टल को लेकर बड़ा खुलासा किया है। छात्राओं ने कहा कि वह लापता नहीं हुईं थीं बल्कि वह हॉस्टल से निकलकर बाहर आ गईं थीं। छात्राओं ने बताया कि रात में साड़ी पहने एक डरावनी आकृति दिखाई देती है। वह डरावनी आकृति हमें अपनी ओर खींचने की कोशिश करती है। जिसके बाद छात्राएं काफी डर गईं थीं और हॉस्टल से निकल आईं।
आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त विकास कृपेंद्र तिवारी ने बताया कि छात्राओं ने रात में डर लगने और साड़ी पहने प्रेत आत्मा जैसी आकृति दिखाई देने का दावा किया है। छात्राओं की समस्या देखते हुए समाधान निकाला गया है। इस संबंध में छात्राओं के परिजनों के साथ ग्राम पंचायत के सरपंच सहित अन्य लोगों से चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि छात्राएं जिस परिसर में रह रही थीं, वहां उन्हें डर लगने की बात सामने आई है। इसलिए उन्हें दूसरे कैंपस में रहने के लिए कहा गया है, ताकि वे भयमुक्त होकर पढ़ाई जारी रख सकें।
परिजनों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
वहीं, छात्राओं के परिजनों ने हॉस्टल की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि जिस हॉस्टल में छात्राएं रहती हैं वहां सुरक्षा के पूरे इंतजाम नहीं हैं।
#Eklavya_Residential_School #Hostel_Ghost












