धान खरीदी केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर विनय लंगेह

धान खरीदी केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर विनय लंगेह

रायपुर।  कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने पिथौरा विकासखंड के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों में पहुंचकर किसानों से सीधे बातचीत की और खरीदी प्रक्रिया, सुविधाओं तथा उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने पिथौरा विकासखंड के लोहारकोट, सांकरा एवं पिरदा धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया।

उन्होंने केंद्रों में धान खरीदी की स्थिति, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, बारदाने की उपलब्धता, तौल व्यवस्था, टोकन प्रणाली और धान के सुरक्षित रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीदी कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। अब तक जिले में कुल 14 हजार 307 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा की। उन्होंने पूछा कि टोकन प्राप्त करने, धान की तौल कराने और भुगतान संबंधी प्रक्रिया में उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों से फीडबैक लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े तथा केंद्रों में उनके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें।

कलेक्टर श्री लंगेह ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि धान की गुणवत्ता एवं नमी का परीक्षण निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाए। तौल में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा किसानों को उनकी उपज की सही मात्रा के अनुसार रसीद उपलब्ध कराई जाए। बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों एवं अन्य उपकरणों को चालू हालत में रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। धान की आवक और उठाव पर भी नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि केंद्रों में अनावश्यक रूप से धान का जमाव न हो और खरीदी कार्य प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब रकबा के आधार पर राशि मिलेगी। प्रति एकड़ 13839 रुपए। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने किसानों को योजना के प्रावधानों एवं इसके माध्यम से मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शासन किसानों के हितों के संरक्षण और उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा धान खरीदी से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी रखने की अपील की।

कलेक्टर ने अवैध धान की आवक पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध मामलों में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक परेशानी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने और प्रतिदिन की खरीदी, टोकन, आवक एवं उठाव की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए।

#Collector_Vinay_Kumar_Langeh #Paddy_Procurement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *