मूक बधिर हुई गर्भवती, DNA टेस्ट से सामने आया खौफनाक सच
मुंबई। यहां कफ परेड इलाके में एक 20 वर्षीय मूकबधिर युवती से साथ जो कुछ हुआ, वह मानवता को शर्मसार करने वाला था। पेट दर्द की शिकायत के साथ वह अपनी दादी के साथ अस्पताल पहुंची थी। जांच में सामने आया कि उसे पांच माह का गर्भ है। अपराधी का पता लगाने के लिए जब गर्भ का DNA टेस्ट किया गया तो वह पिता के डीएनए से मैच कर गया।
यह मामला सितंबर 2025 में सामने आया था। युवती ने अपनी दादी से पेट दर्द की शिकायत की थी। इशारों-इशारों में उसने दादी को बताया था कि पेट में कुछ अजीब से हरकतें हो ही हैं। उसे मुंबई के कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल जांच में पता चला कि वह पांच महीने की प्रेग्नेंट है।
अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। 22 सितंबर 2025 को औपचारिक केस दर्ज किया गया था। हालांकि, पिता अपनी बेटी की प्रेग्नेंसी को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसने FIR दर्ज कराने से भी इनकार कर दिया। काउंसलिंग के बाद युवती ने शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, वह किसी का नाम नहीं बता पा रही थी।
पुलिस ने उसे कई लोगों की तस्वीरें दिखाईं। फिर उसके हावभाव के आधार पर एक 16 साल के लड़के और एक 32 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के दौरान कुल 17 संदिग्धों के DNA और बल्ड सैंपल लिए गए। इनमें पीड़ित का पिता, परिवार के सदस्य और पड़ोसी शामिल थे, जो पीड़ित से अक्सर मिलते थे।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित का अबॉर्शन करा दिया गया था। हालांकि, उसके भ्रूण का DNA सैंपल जांच के लिए लैब भेजा गया। 27 जनवरी को फोरेंसिक रिपोर्ट सामने आई। इसमें पिता के DNA और भ्रूण से लिए गए सैंपल के बीच मिलान की पुष्टि हुई। इसके बाद 3 फरवरी को पुलिस ने पिता को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि रेप की घटनाएं मार्च से सितंबर 2025 के बीच हुईं।
महिलाओं पर अपराध मामले में दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) ने अक्टूबर 2025 में साल 2023 के दौरान देश में हुए अपराधों की रिपोर्ट सार्वजनिक की। इसके मुताबिक, यूपी महिलाओं के खिलाफ अपराधों में सबसे आगे है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है, जहां महिलाओं से मारपीट, रेप और हत्या की घटनाएं होती हैं। टॉप 5 की लिस्ट में राजस्थान, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश भी शामिल है।
#FatherrapesDaughter #DivyangRape












