एमजे कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का सफल आयोजन
भिलाई। एमजे कॉलेज के शिक्षा विभाग द्वारा बीएड एवं डीएलएड के विद्यार्थियों के लिए “वित्तीय साक्षरता” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता, बचत की आदत, सुरक्षित निवेश, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की निदेशक डॉ. श्रीलेखा विरूलकर के संरक्षण, प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार चौबे के कुशल मार्गदर्शन तथा शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. श्वेता भाटिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समन्वयन श्रीमती परविंदर कौर द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के समस्त प्राध्यापक भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री रवि आर्य थे। उन्होंने विद्यार्थियों को बचत, आय-व्यय का संतुलित प्रबंधन, सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण निवेश, म्यूचुअल फंड, शेयर बाज़ार की मूलभूत जानकारी, निवेशकों के अधिकार, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव तथा दीर्घकालिक वित्तीय योजना के संबंध में सरल एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से सशक्त एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा प्रश्नोत्तर सत्र में अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ता के प्रति आभार व्यक्त किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
#MJ_College_Bhilai #BEd #DLEd












