भिलाई। संतोष रूंगटा समूह के इंजीनियरिंग कॉलेजों रूंगटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नालॉजी (आरसीइटी) की 2 तथा रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज (आरईसी) की 1, इस प्रकार कुल तीन टीमों ने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर द्वारा वर्ष 2017 में लांच किये गये मेगा इवेंट स्मार्ट इंडिया हेकथॉन 2018 में भाग लेकर आयोजित प्रतियोगिता में खिताब अपने नाम किया। इस इवेंट में इंजीनियरिंग की विभिन्न ब्रांचेस के स्टूडेंट्स से समाधान आमंत्रित थे। गौरतलब है कि 340 सॉफ्टवेयर से संबंधित समस्याओं को विभिन्न मंत्रालयों द्वारा प्रस्तुत किया गया था जिसके समाधान के संबंध में 1 लाख से अधिक स्टूडेंट्स ने अपने प्रपोजल भेजे थे। इनमें से चुने गये प्रपोजल्स को ग्रैण्ड फिनाले हेतु आमंत्रित किया गया था। ग्रैण्ड फिनाले राउण्ड में निर्धारित नोडल सेन्टर्स में देश के विभिन्न प्रमुख इंजीनियरिंग शैक्षणिक संस्थानों आईआईटी, ट्रिपल आईटी, एनआईटी सहित बीआईटी मेसरा, डीयू तथा पूणे, चेन्नई, तमिलनाडु के इंजीनियरिंग कॉलेजों से करीब 1300 टीमों ने पार्टिसिपेट किया।












