नशे में गाड़ी चलाते मिले आधा सैंकड़ा चालक, पुलिस ने पैदल घर भेजा
रायपुर। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार रात बड़ा अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर हुई सरप्राइज चेकिंग में 52 ड्राइवर शराब के नशे में गाड़ी चलाते पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कई वाहनों को जब्त कर चालकों को पैदल घर भेजा गया। पुलिस अब इन्हें न्यायालय में पेश करेगी।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर यातायात और प्रोटोकॉल शाखा की तरफ से यह विशेष अभियान चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना, लोगों के जान-माल की सुरक्षा करना और सड़क पर अनुशासन बनाए रखना है।
7 जून की रात एसीपी यातायात सतीश ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की गई। इनमें तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जयस्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने सहित बाकी प्रमुख मार्ग शामिल रहे। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में 52 चालक नशे की हालत में मिले। इनमें 34 कार, 11 बाइक, 2 टाटा एस वाहन, 4 ट्रक और 1 पिकअप वाहन के ड्राइवर शामिल हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, साल 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 3365 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। सभी मामलों में चालान बनाकर नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया है।
एसीपी यातायात सतीश कुमार ठाकुर ने कहा, कि वाहन चलाते समय शराब का सेवन न करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा निर्धारित गति सीमा और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
#Drink-n-Drive












