एकतरफा इश्क ने मजदूर को बना दिया “साइको कटर मैन”
भोपाल। वह रात के अंधेरे में निकलता था औऱ अकेली महिलाओं पर कटर से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर देता था। लोगों ने इस रहस्यमयी हमलावर को “साइको कटर मैन” की संज्ञा दे दी। दहशत इतनी की महिलाओं ने रात को घर से अकेले निकलना छोड़ दिया। पुलिस ने उसकीसूचना देने पर 50 हजार के इनाम की भी घोषणा कर दी। अंततः उसे पकड़ लिया गया। वह जिस बाइक पर घूमता था, वह भी चोरी की निकली।
सागर का रहने वाला 37 साल का देवेंद्र एकतरफा इश्क में घायल था। जैसे तैसे खुद को संभाला और फिर उसकी शादी भी हो गई। पर इश्क का भूत उतर ही नहीं रहा था। इसके चलते पत्नी भी जल्द ही उसे छोड़ गई। इसके बाद उसे महिलाओं से नफरत हो गई। इन सब बातों का देवेंद्र के दिमाग पर ऐसा असर हुआ कि खुन्नस में उसने कटर उठा लिया और राह चलती लड़कियों पर हमला करने लगा।
देवेंद्र ने 29 जनवरी की रात को चार महिलाओं पर हमला किया था। पुलिस ने उसके पास से कटर और चोरी की बाइक भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, सागर जिले का देवेंद्र पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। वह नशे का आदी था और नशे में धुत होकर इन वारदातों को अंजाम देता था। देवेन्द्र ने 2014 में भी सागर जिले में इसी तरह के चार हमले किए थे। देवेंद्र एक स्कूल ड्रॉपआउट है और निर्माण स्थलों पर दिहाड़ी मजदूर का काम करता था। वह भोपाल के करोंद इलाके में रहता था। वह पिपलानी और अयोध्या नगर जैसे इलाकों में रात के अंधेरे में चोरी की बाइक से घूमता और अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था।
#PsychoCutterMan












