कोरिया के आंगनबाड़ी केंद्रों में योगाभ्यास से स्वास्थ्य जागरूकता का प्रयास
कोरिया। जिले के आंगनवाड़ी केंद्र कटगोडी में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को योगाभ्यास कराया गया। यह पहल कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में योग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
आयुष जिलाधिकारी डॉ. एलविना ग्रेस टोप्पो ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं नन्हे बच्चों में योग के प्रति रुचि जागृत करना तथा ‘स्वस्थ तन, स्वस्थ मन’ की अवधारणा को साकार करना है।
उन्होंने कहा कि योगाभ्यास हर वर्ग और हर आयु के लोगों के लिए लाभकारी है, लेकिन इसे शुरू करने से पहले विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में करना आवश्यक है। वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली, तनाव और अनियमित खानपान के कारण लोग शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभर रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया गया।
#Yoga #Aanganwadi












