अटल आरोग्य लैब बनी राहत, दो माह में 6 हजार से अधिक मरीजों ने कराया जांच

अटल आरोग्य लैब बनी राहत, दो माह में 6 हजार से अधिक मरीजों ने कराया जांच

रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार की अटल आरोग्य लैब योजना आम नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। योजना के तहत किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय, रायगढ़ में मरीजों को विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। बीते दो माह में यहां 6,044 मरीजों ने इस सुविधा का लाभ लिया है, जबकि कुल 25,835 जांचें की जा चुकी हैं।

जिला चिकित्सालय में स्थापित अटल आरोग्य लैब के माध्यम से 134 प्रकार की विभिन्न चिकित्सा जांचों की सुविधा उपलब्ध है। इससे मरीजों को महंगी जांचों के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का सहारा लेने की आवश्यकता कम हुई है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सुविधा बड़ी राहत बनकर सामने आई है। अटल आरोग्य लैब का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक एवं विश्वसनीय जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को उपचार के लिए आवश्यक जांच अपने ही जिले और नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में मिल सके। इससे ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
योजना के तहत जांच प्रक्रिया को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से मरीजों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। इससे मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की परेशानी कम होती है और उपचार प्रक्रिया में भी तेजी आ रही है। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में जांच सुविधाओं का विस्तार होने से मरीजों को समय पर जांच, बेहतर उपचार और आर्थिक बचत का लाभ मिल रहा है।

#Atal_Aarogya_Lab

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *