जशपुर के खुड़िया रानी गुफा मंदिर के आसपास विकसित होंगे पर्यटन सुविधाएं
जशपुर। खुड़िया रानी मंदिर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बगीचा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम छिछली में स्थित एक अत्यंत प्राचीन और रहस्यमयी गुफा मंदिर है। सरकार अब इस प्राचीन धरोहर में पर्यटन सुविधाओं का विकास करने जा रही है। इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने सौंदर्यीकरण और सुविधाओं का विस्तार करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

यह स्थान घने जंगलों, प्राकृतिक झरनों और ऊंची पहाड़ियों के बीच मौजूद है। यह मंदिर लगभग 100 मीटर लंबी एक प्राकृतिक गुफा के अंदर स्थित है। जमीन से लगभग 400 सीढ़ियां नीचे उतरकर इस गुफा तक पहुँचा जा सकता है। गुफा के अंदर हमेशा पानी बहता रहता है और चारों तरफ अंधेरा होता है।
यह मंदिर विशेष रूप से यहाँ की स्थानीय कोरवा जनजाति की कुल देवी के रूप में पूजनीय है। ऐसी मान्यता है कि माता के दर्शन करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। गुफा का रास्ता बहुत संकरा है और यह माना जाता है कि प्राकृतिक रूप से चट्टानों के कटने से यह गुफा बनी है।

दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण गुफा के अंदर जाने के लिए अपने साथ टॉर्च/रोशनी का साधन अवश्य रखें। यहाँ घूमने के लिए सर्दियों या गर्मियों का समय सबसे अच्छा माना जाता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण तथा पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कलेक्टर रोहित व्यास ने खुड़िया रानी सेवा समिति, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र के समग्र विकास और पर्यटन संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं और विकास कार्यों पर सुझाव लिए गए।

कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि खुड़िया रानी क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहां आवश्यक सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण कर इसे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिजली एवं पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क किनारे वृक्षारोपण, आकर्षक स्वागत द्वार निर्माण, मार्केट शेड, पार्किंग सुविधा, पर्याप्त शौचालय निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास का सुझाव दिया। साथ ही सरहा पानी नाला एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई गई।
यह मंदिर जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 80 किमी और बगीचा ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 17-20 किमी की दूरी पर स्थित है। बगीचा तक सड़क मार्ग से आसानी से पहुँचा जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए आप जशपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट देख सकते हैं।
#Khudia_Rani_Temple_Jashpur












