स्व सहायता समूह से जुड़कर लखपति दीदी बनीं धुमीन साहू

स्व सहायता समूह से जुड़कर लखपति दीदी बनीं धुमीन साहू

कबीरधाम। कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत दनियाखुर्द की रहने वाली धुमीन ने राधारानी स्व-सहायता समूह के साथ जुड़कर अपने जीवन की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया और आज “लखपति दीदी” के रूप में पहचान बना ली है। अपनी मेहनत के दम पर अपनी वार्षिक आय को 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख 10 हजार तक पहुँचाया है। आज वे न केवल आत्मनिर्भर हैं, बल्कि अपने गाँव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं।

समूह से जुड़ने से पहले धूमनी साहू गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण जीवनयापन करना मुश्किल था। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

राधारानी स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बचत, ऋण और स्वरोजगार के बारे में जानकारी मिली। समूह के माध्यम से उन्हें चक्रिय निधि से 10 हजार रुपये तथा बैंक ऋण से 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।

समूह से मिली सहायता और प्रशिक्षण के बाद उन्होंने सिलाई मशीन दुकान और फैंसी स्टोर का संचालन शुरू किया। साथ ही कृषि कार्य को भी आगे बढ़ाया। मेहनत और लगन से उनका व्यवसाय धीरे-धीरे बढ़ने लगा। समूह से जुड़ने से पहले उनकी वार्षिक आय लगभग 50 हजार रुपये थी, जो आज बढ़कर लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये हो गई है।

#Self_Help_Group #DhuminSahu #Kabirdham

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *