"एक जिला एक उत्पाद" से बालोद में अदरक की खेती, बढ़ी किसान की आय

“एक जिला एक उत्पाद” से बालोद में अदरक की खेती, बढ़ी किसान की आय

रायपुर। राज्य सरकार की “एक जिला एक उत्पाद” योजना के तहत बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम बघमरा में अदरक की खेती शुरू की गई है। प्रगतिशील किसान आकाश चंद्राकर ने  अपने लगभग ढाई एकड़ खेत में अदरक की खेती की। वैज्ञानिक पद्धतिऔर बेहतर प्रबंधन से उन्हें उत्कृष्ट उत्पादन प्राप्त हुआ। अदरक की अच्छी मांग के कारण उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिला और आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

किसानों को प्रोत्साहित करने और खेती की लागत को कम करने के उद्देश्य से उद्यानिकी विभाग द्वारा राज्य पोषित मसाला क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम के अंतर्गत आकाश चंद्राकर को लगभग 49 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। इस वित्तीय सहयोग से उन्हें आधुनिक कृषि संसाधन जुटाने, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं तकनीकों का उपयोग करने में सहायता मिली, जिसका सीधा लाभ उत्पादन और गुणवत्ता में दिखाई दिया।
आकाश बताते हैं कि शासन से प्राप्त अनुदान ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्हें बेहतर उत्पादन हासिल करने के लिए प्रेरित किया। “एक जिला एक उत्पाद” के अंतर्गत अदरक को चयनित किए जाने के बाद जिले के अन्य किसान भी इस नगदी फसल की ओर आकर्षित हो रहे हैं। पारंपरिक फसलों की तुलना में अदरक से प्राप्त अधिक शुद्ध लाभ ने किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।

जिला प्रशासन बालोद और उद्यानिकी विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही तकनीकी सलाह एवं अनुदान से खेती अब घाटे का सौदा नहीं, बल्कि लाभ का माध्यम बनती जा रही है। श्री चंद्राकर ने केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि शासन की इस पहल से बालोद जिला अदरक उत्पादन के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

#Ek_Jilla_Ek_Utpad #Balod_Ginger_Plantation

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *