भीड़तंत्र; ओडिशा में हत्या, राजस्थान में मां-बेटी से दरिन्दगी
पाली/अनुगुल। जब भीड़ ही न्याय करने लगे तो देश में संविधाान, पुलिस और न्यायालयों की जरूरत अपने आप हाशिए पर जाती हुई दिखाई देती हैंं। राजस्थान के पाली और ओडिशा के अनुगुल से दो ऐसी ही घटनाओं की खबर है जहां बच्चा चोरी की अफवाह पर एक मां-बेटी के साथ दरिन्दगी की गई। वही ओड़िशा के अनुगुल में बच्चा चोरी के आरोप में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
राजस्थान के पाली जिले के सोजत क्षेत्र के बगड़ी नगर थाना इलाके में एक 58 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उसकी 20 वर्षीय बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, मां-बेटी गांव में गोंद बेचने आई थीं। मनरेगा में काम कर रहे ग्रामीणों ने उन्हें देखते ही बच्चा चोर होने का शोर मचा दिया। मां-बेटी ने गिड़गिड़ाते हुए अपना आधार कार्ड दिखाया ताकि लोग उन पर विश्वास कर सकें, लेकिन उन्मादी भीड़ ने एक न सुनी। इस हमले में बुजुर्ग महिला के सिर में गहरी चोटें आई हैं। उन्हें गंभीर हालत में पाली के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीच-बचाव में बेटी को भी चोटें आई हैं। बगड़ी नगर थाना अधिकारी प्रहलाद सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मारपीट करती दिख रही महिलाओं की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं।
वहीं ओड़िसा के अनुगुल में बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ ने एक युवक को मार डाला। मयूरभंज जिला में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर हिंसा का रूप ले लिया। उग्र भीड़ ने तीन युवकों को बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। इस घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य को पुलिस ने समय रहते बचा लिया। सोमवार को मोराडा थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई। एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक गांव में घूमता नजर आया। वह ओडिया नहीं बोल पा रहा था, जिससे लोगों का शक और गहरा गया। भीड़ ने युवक को घेर लिया और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
इसी रात बारिपदा सदर थाना क्षेत्र में भी दो अन्य युवकों को बच्चा चोर होने के संदेह में भीड़ ने घेर लिया। हालांकि पुलिस ने समय रहते पहुंचकर दोनों को बचा लिया।
पुलिस ने मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 15 अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
#MobLynching #Rajasthan #Odisha












