व्यक्तित्व विकास का श्रेष्ठ मंच है राष्ट्रीय सेवा योजना : भूपेन्द्र कुलदीप

व्यक्तित्व विकास का श्रेष्ठ मंच है राष्ट्रीय सेवा योजना : भूपेन्द्र कुलदीप

मुख्य अतिथि महापौर अलका बाघमार ने देहदान के लिए प्रेरित किया

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन 24 फरवरी 2026 को विश्वविद्यालय परिसर, पोटिया कला में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। शिविर का आयोजन दिनांक 18 फरवरी से 24 फरवरी 2026 के मध्य किया गया। इस संयुक्त विशेष शिविर में शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली, शासकीय आदर्श महाविद्यालय धनोरा, डॉ. खूबचंद बघेल स्नातकोत्तर महाविद्यालय भिलाई-3 तथा अपोलो कॉलेज अंजोरा के लगभग 200 स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

मुख्य अतिथि महापौर अलका बाघमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं को मृत्यु उपरांत देहदान के लिए प्रेरित किया तथा जीवन में सामंजस्य, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।
कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना उत्कृष्ट अनुशासन के साथ देशहित एवं समाजहित में कार्य करने का सशक्त माध्यम है। कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने युवाओं के व्यक्तित्व विकास के लिए एनएसएस को श्रेष्ठ मंच बताते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजन-अर्चन से हुआ। स्वयंसेवकों ने ‘लक्ष्यगीत’ प्रस्तुत किया तथा 200 स्वयंसेवकों द्वारा सुआ-डंडा नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। सरस्वती वंदना ‘हंसा की सवारी दाई ओ’ पर सामूहिक नृत्य ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महापौर अल्का बाघमार समापन समारोह की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी ने की। कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग अनुपमा अस्थाना, मंडल अध्यक्ष कौशल साहू एवं पार्षद हिरौंदी चंदानिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम समन्वयक प्रो. जनेन्द्र कुमार दीवान ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने तालाब की पचरियों की सफाई, दीवार लेखन, जल संरक्षण, पक्षी बचाओ अभियान, नशा उन्मूलन जागरूकता, स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं जागरण रैली जैसे विविध सेवाकार्य किए। शिविर में उत्कृष्ट सेवाकार्य के लिए कार्यक्रम अधिकारियों दिनेश कुमार देवांगन (भिलाई-3), डॉ. संदीप कुमार (आदर्श महाविद्यालय), वेदप्रकाश (नवीन महाविद्यालय रिसाली), देवव्रत नंदेश्वर (अपोलो महाविद्यालय अंजोरा) तथा स्वयंसेवकों को कुलपति एवं अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक एवं जनजागरण गतिविधियों के संयोजन हेतु व्याख्याता एएलटी स्काउट हेमधर साहू को शाल, श्रीफल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रभातफेरी, योग, हार्टफुलनेस, बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए तथा पूर्व कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आर.पी. अग्रवाल ने युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ कर्म ही पूजा के सिद्धांत पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, योग प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। यह सात दिवसीय विशेष शिविर सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करने वाला प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ।

#HemchandYadavUniversity #NSS #AlkaBaghmar #BhupendraKuldeep

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *