पुनर्वासित युवाओं के लिए साय सरकार खोल रही संभावनाओं के द्वार

पुनर्वासित युवाओं के लिए साय सरकार खोल रही संभावनाओं के द्वार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में माओवाद छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य शासन द्वारा इन युवाओं के पुनर्वास को प्राथमिकता देते हुए उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकें।

बीजापुर जिला प्रशासन द्वारा पुनर्वासित युवाओं को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। बीजापुर जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में पुनर्वासित युवाओं को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इस कार्ड के माध्यम से उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के तहत बीपीएल परिवारों को 5 लाख रुपये तक और एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों के लिए 25 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सहायता प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में लाभार्थियों को योजनाओं के उपयोग और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

आयुष्मान कार्ड प्राप्त करने के बाद पुनर्वासित युवाओं में नया आत्मविश्वास देखने को मिला। उन्होंने शासन और प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए मुख्यधारा में आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य निर्माण की इच्छा व्यक्त की। यह पहल न केवल पुनर्वासित युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए भी प्रेरित कर रही है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि ऐसे सभी युवाओं को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए और समाज की मुख्यधारा में उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

#Rehabilitated_Naxals

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *