थकान, कमजोरी, सिरदर्द हो सकते हैं एनीमिया के संकेत, इन उपायों को अपनाएं
भारतीय आबादी में रक्ताल्पता एक बेहद आम समस्या है। गर्भावस्था के दौरान ये समस्या और भी गंभीर हो जाती है। रक्ताल्पता लगभग सभी उम्र की महिलाओं को प्रभावित करता है। थकान, कमजोरी और बार-बार होने वाला सिरदर्द रक्ताल्पता के संकेत हो सकते हैं। रक्ताल्पता का जल्द से जल्द उपाय करने से महिलाओं को कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सकता है।
एनीमिया में रक्त में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण तत्व है, जो शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। जब शरीर में आयरन की कमी हो जाती है, तो पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता और व्यक्ति कमजोर महसूस करने लगता है।
पुरुषों की तुलना में महिलाएं एनीमिया की अधिक शिकार होती हैं। इसके पीछे कुछ बायोलॉजिकल और लाइफस्टाइल से जुड़े कारण जिम्मेदार होते हैं। महिलाओं के शरीर में कुछ ऐसे बायोलॉजिकल फैक्टर होते हैं जो एनीमिया का कारण बनते हैं।
महिलाओं में रक्ताल्पता की एक बड़ी वजह अनियमित माहवारी या माहवारी में अत्यधिक रक्तस्राव हो सकता है। हर महीने पीरियड्स के दौरान शरीर में खून की कमी होती है। जिन महिलाओं को हेवी ब्लीडिंग होती है, उनमें आयरन की कमी जल्दी हो सकती है। ऐसी स्थिति में अगर भोजन से पर्याप्त आयरन न मिले, तो शरीर धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है।
एनीमिया का एक महत्वपूर्ण कारण प्रेग्नेंसी भी है। बल्कि कुछ महिलाओं को तो प्रग्नेंसी के दौरान ही एनीमिया का पता चलता है। इस समय शरीर को मां और बच्चे दोनों के लिए एक्स्ट्रा पोषण की जरूरत होती है। यदि प्रेग्नेंट महिला पर्याप्त आयरन और पोषक तत्व न ले, तो एनीमिया होने का खतरा बढ़ जाता है।
आजकल कई महिलाएं वजन कम करने के लिए बहुत कम खाना खाती हैं या ऐसे डाइट प्लान अपनाती हैं जिनमें पोषण की कमी होती है। इससे शरीर को जरूरी आयरन नहीं मिल पाता। लंबे समय तक ऐसा होने पर हीमोग्लोबिन का स्तर कम होने लगता है।
कुछ महिलाओं में बार-बार गर्भधारण, कमजोरी, खराब खानपान और लंबे समय तक बीमारी रहने के कारण भी एनीमिया हो सकता है।
एनीमिया या रक्ताल्पता के संकेत क्या हैं?
एनीमिया धीरे-धीरे विकसित होता है। शुरुआत में इसके लक्षण हल्के होते हैं, इसलिए लोग इन्हें गंभीरता से नहीं लेते। एनीमिया का सबसे सामान्य लक्षण लगातार थकान है। अगर पर्याप्त आराम करने के बाद भी कमजोरी महसूस हो, तो यह आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। त्वचा का पीला पड़ना भी एनीमिया का संकेत है। ऐसी स्थिति में चेहरे, होंठों और आंखों की अंदरूनी पलकों में पीलापन दिखाई दे सकता है। कुछ महिलाओं को चक्कर आना, सिरदर्द या अचानक कमजोरी महसूस होती है। सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ा काम करने पर सांस फूलना भी एक सामान्य लक्षण है।दिल की धड़कन तेज होना, हाथ-पैर ठंडे रहना और किसी भी काम में फोकस न कर पाना भी एनीमिया का संकेत हो सकता है।
बालों का झड़ना और नाखूनों का कमजोर होना भी आयरन की कमी से जुड़ा हो सकता है। कई बार नाखून चम्मच जैसे आकार के हो जाते हैं। कुछ लोगों में बर्फ, मिट्टी या चॉक जैसी चीजें खाने की इच्छा होती है। यह गंभीर आयरन की कमी का संकेत हो सकता है।
#Anaemia_Symptoms












