आदेश का अनुपालन : दुर्ग निगम ने बना दिये 60 "श्वान भोज शाला"

आदेश का अनुपालन : दुर्ग निगम ने बना दिये 60 “श्वान भोज शाला”

दुर्ग। सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग नगर निगम ने शहर में कुल 60 डॉग फीडिंग सेंटरों का निर्माण पूरा कर लिया है। निगम अधिकारियों के अनुसार ये सभी केंद्र निर्धारित समय-सीमा से पहले ही तैयार कर लिए गए, जिससे सड़क पर रहने वाले कुत्तों को नियमित भोजन और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा सके।
इन सेंटरों में खाने और पानी के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएँ की गई हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। कई स्थानों पर लोग भी आगे आकर इन केंद्रों पर स्वच्छ भोजन डाल रहे हैं और निगम की पहल को सहयोग दे रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा पशुओं की सुरक्षा और नियंत्रण के लिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप नगर निगम ने एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर भी सक्रिय कर दिया है। यहाँ कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और एंटी-रेबीज इंजेक्शन की पूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विशेषज्ञ टीम नियमित रूप से कुत्तों को पकड़कर सेंटर में लाती है, जहाँ मेडिकल प्रक्रिया के बाद उन्हें उनके मूल क्षेत्र में वापस छोड़ा जाता है। नगर निगम आयुक्त अग्रवाल का कहना है कि शहर में कुत्तों की बढ़ती संख्या को मानवीय तरीके से नियंत्रित करना आवश्यक है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ पशुओं के प्रति संवेदनशीलता भी बनी रहे। इसी उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने यह भी बताया कि आने वाले समय में डॉग फीडिंग सेंटरों की मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाएगा तथा लोगों को भी निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे निर्धारित स्थानों पर ही भोजन डालें, जिससे शहर में स्वच्छता बनी रहे।

#DogFeedingCentre #DurgMunicipality

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *