परीक्षा पे चर्चा 2026 में भाग लेंगी आत्मानंद विद्यालय की सृष्टि
रायपुर। परीक्षा पे चर्चा के नवें संस्करण में इस वर्ष भी विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों में व्यापक उत्साह देखने को मिला। 11 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 29.29 लाख प्रतिभागियों ने पोर्टल पर अपना पंजीयन कराया। यह आंकड़ा गत वर्ष की तुलना में 7.16 लाख अधिक है। स्वामी आत्मानंद स्कूल महासमुंद की सृष्टि साहू का इसके प्रथम चरण के लिए चयन किया गया है।
गत वर्ष पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर रहा था, जबकि इस वर्ष अंडमान एवं निकोबार, चंडीगढ़ एवं लक्षद्वीप के बाद राज्य को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। इस वर्ष राज्य से 1.41 लाख पालकों द्वारा पंजीयन किया गया। जिलों से विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों से संबंधित वीडियो आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित तिथि तक कुल 171 वीडियो प्राप्त हुए। वीडियो के गहन परीक्षण उपरांत 18 विद्यार्थियों का चयन कर उनका विवरण केंद्र को भेजा गया। चयनित विद्यार्थियों में पीएमश्री विद्यालय से 04, सेजस से 06, निजी विद्यालयों से 04, शासकीय विद्यालयों से 03 तथा केजीबीव्ही से 01 विद्यार्थी शामिल हैं।
केंद्र की समिति द्वारा महासमुंद जिले के स्वामी आत्मानंद विद्यालय, नयापारा की गणित संकाय की कक्षा 12वीं की छात्रा सृष्टि साहू का चयन किया गया। सृष्टि को अपने पिता नरेन्द्र कुमार साहू एवं माता दिनेश्वरी के साथ 21 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” हेतु आमंत्रित किया गया है।
सृष्टि के चयन पर जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शाला की प्राचार्या अमी रूफस ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि सृष्टि एक अनुशासित, परिश्रमी एवं अध्ययनशील छात्रा है। सृष्टि बाल दिवस के अवसर पर शाला नायक की भूमिका में प्राचार्य की कुर्सी पर बैठकर नेतृत्व प्रदान कर चुकी है। सृष्टि के पिता शासकीय विद्यालय में शिक्षक हैं तथा माता गृहणी हैं। दोनों ने अपनी पुत्री के चयन पर गर्व एवं प्रसन्नता व्यक्त की है और इसे परिवार के साथ-साथ जिले के लिए भी गौरव का विषय बताया है।
#ParikshaPeCharcha #SrishtiSahu #PMModi #AtmanandSchool












