जब चक्कर खाकर बेहोश हुआ बुजुर्ग, तो याद आई महीने भर पहले लगी चोट
भिलाई। सिर में लगी हल्की से हल्की चोट भी कभी कभी काफी गंभीर हो सकती है। एक 77 वर्षीय बुजुर्ग को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया। घर वालों ने बताया कि उन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं थी। पर सुबह एकाएक उन्हें चक्कर आने लगे और फिर वो बेहोश हो गये।

संभावनाओं पर काम करते हुए न्यूरो सर्जन डॉ दीपक बंसल ने मरीज की कुछ सामान्य जांचें कीं। पर जब कोई परेशानी नजर नहीं आईं तो उन्होंने दोबारा परिवार के लोगों से पूछताछ की। तब कहीं इस बात का खुलासा हुआ कि बुजुर्ग लगभग एक माह पहले घर में ही गिर गए थे। शायद सिर में भी चोट आई थी पर ज्यादा समस्या नहीं थी।
तत्काल मरीज का मस्तिष्क का सीटी स्कैन किया गया। उनके दिमाग में आंतरिक रक्तस्राव हो रहा था। संभवतः गिरने से लगी चोट के कारण ऐसा हो रहा था। जब रक्त का जमाव बड़ा हो गया तब जाकर समस्या शुरू हुई। मरीज की सर्जरी कर रक्तस्राव को रोका गया तथा अच्छे से सफाई की गई। इसके बाद बुजुर्ग को ऑबजर्वेशन में रखा गया। पांच दिन बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
डॉ दीपक बंसल ने बताया कि सिर पर लगी किसी भी चोट को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। ये कुछ दिन, कुछ सप्ताह या कुछ महीने बाद भी सामने आ सकते हैं। सिर पर चोट लगने की स्थिति में तत्काल जांच करा लेनी चाहिए। ऐसे में समस्या को आगे बढ़ना से रोका भी जा सकता है।
#Craniotomy #Hitek_Superspeciality_Hospital












