नक्सल मुक्त सुकमा के ग्राम पुवर्ती में सबसे पहले पूरा हुआ जनगणना का कार्य

नक्सल मुक्त सुकमा के ग्राम पुवर्ती में सबसे पहले पूरा हुआ जनगणना का कार्य

सुकमा। जिले के कोंटा विकासखंड में स्थित ग्राम पुवर्ती में जनगणना कार्य को रिकॉर्ड समय में पूरा कर एक नई मिसाल कायम की गई। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कलेक्टर कक्ष में प्रगणक श्री जवाराम पटेल को मात्र 3 दिनों में जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सम्मानित किया। जनगणना के प्रथम चरण में पुवर्ती सुकमा जिले का पहला ऐसा गांव बना, जहां जनगणना कार्य सबसे पहले पूर्ण किया गया।
सहायक शिक्षक श्री जवाराम पटेल ने बताया कि जनगणना कार्य में उनका कार्यक्षेत्र ग्राम पुवर्ती था, जहां लगभग 950 से अधिक जनसंख्या और 234 मकान हैं। गांव में 2 आंगनबाड़ी केंद्र और 1 स्कूल भी संचालित है। जनगणना कार्य के दौरान उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, विशेषकर स्थानीय गोंडी बोली को पूरी तरह न समझ पाने के कारण संवाद में समस्या आई। बावजूद इसके, उन्होंने जिम्मेदारी को चुनौती नहीं बल्कि सेवा का अवसर मानकर कार्य को आगे बढ़ाया।

उल्लेखनीय है कि पुवर्ती गांव पहले घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब नक्सल उन्मूलन और प्रशासन की सक्रियता के बाद हालात तेजी से बदल रहे हैं। गांव में शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और लोग अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य का समय पर पूरा होना इस बदलाव का स्पष्ट संकेत है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत हो रहा है।
भाषा की बाधा और कार्यभार अधिक होने के बावजूद श्री जवाराम पटेल ने स्थानीय स्कूल के शिक्षकों का सहयोग लेकर गांव की सामाजिक संरचना को समझा और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सर्वे कार्य पूर्ण किया। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि श्री पटेल का समर्पण और साहस अन्य जनगणना कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी जगरगुण्डा ग्रामीण श्री योपेंद्र पात्रे भी उपस्थित रहे।

#Census #Puvarti_Sukma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *