एम्स का शोध : मोटा अनाज बढ़ा सकता है विटामिन सप्लीमेंट का अवशोषण
विटामिन बी-12, विटामिन-डी और आयरन की कमी एक आम समस्या है। डॉक्टर आम तौर पर इसे दूर करने के लिए माइक्रोन्यूट्रिएंट्स के सप्लीमेंट देते हैं। पर अकसर देखा जाता है कि दवा लेने के बाद भी इन माइक्रोन्यूट्रिएंट्स का लेवल शरीर में कम ही रहता है। हालांकि इसे आसानी से दूर किया जा सकता है। इसका तरीका बताया है अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के एक शोध ने।

डाइट में विभिन्नता की कमी और खाने की पारंपरिक आदतों को छोड़ने के कारण भारत में माइक्रोन्यूट्रिएंट की कमी बढ़ती जा रही है। सबसे बड़ी समस्या भारतीय लोगों के अंदर विटामिन बी12 और विटामिन डी की कमी है। साथ में महिलाओं के अंदर आयरन का लेवल कम होना भी काफी देखा जाता है। इन माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की डेफिशिएंसी मिटाने के लिए सप्लीमेंट्स लिए जाते हैं, लेकिन इन सप्लीमेंट्स का अवशोषण बढ़ाने के लिए भारत के मोटे अनाज खाने के रिवाज की जरूरत पड़ेगी। हमारी इस पारंपरिक आदत को सप्लीमेंट्स के अवशोषण को कई गुना बढ़ाने वाला देखा गया है और इसकी जानकारी भारत के शोधकर्ताओं की रिसर्च ने ही दी है।
नई दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS), एम्स के सेंटर फॉर कम्युनिटी मेडिसिन, सीलिएक सोसायटी ऑफ इंडिया और डॉ. डैंग्स लैब के शोधकर्ताओं ने मिलकर शोध किया है।
HAL पर प्रकाशित इस पायलट रैंडमाइज्ड कंट्रोल्ड ट्रायल में माइक्रोन्यूट्रिएंट स्टेटस, ओरल सप्लीमेंट्स के साथ मिलेट्स (मोटे अनाज) बेस्ड डाइट के प्रभाव का अध्ययन किया गया। जिसमें 18 से 45 की उम्र के 54 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। 60 दिनों के अध्ययन के लिए इन प्रतिभागियों के दो समूह बनाए गए, जिसमें से पहले ग्रुप को केवल प्रोफाइलेक्टिक ओरल सप्लीमेंट्स (विटामिन डी, विटामिन बी12 और मल्टीविटामिन) दिए गए। दूसरे ग्रुप को इन सप्लीमेंट्स के साथ मोटे अनाज (बाजरा, ज्वार, कोदो आदि) से भरपूर डाइट दी गई। शोध की शुरुआत और अंत में इन लोगों का ब्लड टेस्ट (सीरम आयरन, विटामिन बी12, विटामिन डी, हीमोग्लोबिन) लिया गया, ताकि इन माइक्रोन्यूट्रिएंट्स के लेवल में आए बदलाव का पता लग सके।
रिजल्ट ने सभी शोधकर्ताओं को हैरान कर दिया, क्योंकि मोटे अनाज से भरपूर डाइट लेने वाले लोगों, खासकर महिलाओं में बी12 और विटामिन डी के अवशोषण में काफी बढ़ोतरी देखी गई। मतलब, जिन लोगों ने मोटे अनाज की डाइट ली थी, उनके शरीर ने इन सप्लीमेंट्स का ज्यादा बेहतर तरीके से अवशोषण किया और ज्यादा तेजी व मात्रा में बढ़ोतरी की।
#Millets #Suppliments











