करें प्रोटीन से भरपूर नाश्ता, कम होगा वजन, बढ़ेगी ताकत भी

करें प्रोटीन से भरपूर नाश्ता, कम होगा वजन, बढ़ेगी ताकत भी

सुबह का नाश्ता आपकी सेहत को तय करता है। लोग सुबह ज्यादा खाने से कतराते हैं, लेकिन नाश्ते में हाई प्रोटीन वाले व्यंजनों को शामिल करना जरूरी है। इससे न केवल मांसपेशियां मजबूत होंगी, बल्कि शरीर को भरपूर ऊर्जा भी मिलेगी। आज हम आपको ऐसे नाश्ते की रेसिपी बताते हैं, जिन्हें बनाना काफी आसान है और ये स्वादिष्ट भी हैं।

मूंग दाल का चीला : मूंग दाल का चीला भी एक स्वादिष्ट और सेहतमंद नाश्ता है, जिसे आप आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले मूंग दाल को रातभर पानी में भिगोकर रख दें, फिर सुबह इसे दरदरा पीस लें। अब इस पेस्ट में नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और बारीक कटी हुई सब्जियां मिलाएं। एक तवे पर थोड़ा-सा तेल गर्म करके इसमें तैयार मिश्रण फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं। इसे हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें।

सोया चंक्स उपमा : सोया चंक्स उपमा एक सेहतमंद और प्रोटीन से भरपूर विकल्प है, जिसे आप अपने नाश्ते में शामिल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले सोया चंक्स को गर्म पानी में भिगोकर नरम कर लें, फिर इन्हें निचोड़कर अलग रख दें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके उसमें राई, उड़द दाल, मूंगफली डालें और भूनें। इसके बाद प्याज, हरी मिर्च, करी पत्ते डालकर भूनें। अंत में सोया चंक्स मिलाकर इसे गर्मागर्म परोसें।

छोले की टिक्की : छोले की टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले छोले को रातभर पानी में भिगोकर पका लें। अब इन्हें मिक्सी में पीस लें, फिर इसमें बारीक कटी हुई प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला मिलाकर टिक्की बनाएं। अब एक तवे पर तेल गर्म करके इन टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इन्हें हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें।

क्विनोआ उपमा : क्विनोआ एक खास अनाज है, जिसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन मौजूद होती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले क्विनोआ को धोकर भिगो दें, फिर इसे उबाल लें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें राई, उड़द दाल, मूंगफली डालें और भूनें। इसके बाद प्याज, हरी मिर्च, करी पत्ते डालकर भूनें। अंत में क्विनोआ मिलाकर इसे गर्मागर्म परोसें। इन व्यंजनों को बनाना आसान है और ये आपके नाश्ते को पौष्टिक बनाने में मदद करेंगे।

#Healthy_Breakfast #Protein_Food

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *